

संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा:
जिले के गंगाजलघाटी थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्लभपुर मोड़ के पास मंगलवार अलसुबह एक भीषण सड़क हादसा होते-होते टल गया। अमूमन व्यस्त रहने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-14 पर बालू से लदे एक अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे बनी अस्थाई दुकानों को अपनी चपेट में लेते हुए DVC के मेजिया थर्मल पावर स्टेशन (MTPS) की चहारदीवारी को तोड़ डाला और अंदर जा घुसा।
इस जोरदार टक्कर से पावर स्टेशन की दीवार का एक बड़ा हिस्सा ढहकर मलबे में तब्दील हो गया, जबकि ट्रक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि दुर्घटना में ट्रक चालक और खलासी सुरक्षित बच गए।
ओवरटेक के चक्कर में हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, यह घटना MTPS के गेट नंबर-2 के समीप घटी। बालू लदे वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर के कारण बालू लदा ट्रक अपना नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे की दुकानों को रौंदते हुए दीवार से जा टकराया।
यह हादसा अलसुबह हुआ, जिस समय दुकानें पूरी तरह बंद थीं और सड़क पर आवाजाही न के बराबर थी। यदि यह दुर्घटना दिन के व्यस्त समय में होती, तो भारी नुकसान से इंकार नहीं किया जा सकता था। इस आकस्मिक घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
बाल-बाल बचे दुकानदार
स्थानीय दुकानदार मुरली कर्मकार ने भगवान का शुक्रिया अदा करते हुए कहा, "मैं अमूमन हर रात दुकान के अंदर ही सोता हूं, लेकिन गनीमत रही कि आज रात मैं यहां नहीं था।"
उन्होंने बताया कि इलाके के अन्य फुटपाथ विक्रेता भी रात के समय अपनी बची हुई सामग्री और सामान इसी दुकान में सुरक्षित रखते थे, जो इस हादसे में पूरी तरह तहस-नहस हो चुकी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।