बड़जोड़ा में TMC नेता पर हमला, गाड़ी तोड़ी, पत्नी से भी मारपीट

आरोप भाजपा पर, भाजपा ने कहा- यह जनता का आक्रोश
अस्पताल में घायल सुखेन बिद
अस्पताल में घायल सुखेन बिद
Published on: 

संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा: बड़जोड़ा थाना क्षेत्र के पखन्ना इलाके में सोमवार दोपहर तृणमूल कांग्रेस के बिष्णुपुर सांगठनिक जिले के संयोजक सुखेन बिद पर हमला हो गया। हमलावरों ने उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की और उन्हें बाहर खींचकर पीटा। बचाने पहुंचीं पत्नी व बांकुड़ा जिला परिषद की लोक निर्माण कर्माध्यक्ष अर्चिता बिद के साथ भी मारपीट और बदसलूकी की गई।

पारिवारिक कार्यक्रम में जाते वक्त रोकी गाड़ी

जानकारी के मुताबिक, सुखेन बिद सोमवार दोपहर परिवार के साथ पखन्ना गांव में एक पारिवारिक कार्यक्रम में जा रहे थे। पखन्ना मोड़ के पास कुछ युवकों ने उनकी गाड़ी रोक ली। इसके बाद लाठी-डंडों और लोहे की रॉड लेकर अन्य युवक भी वहां पहुंचे और गाड़ी पर हमला कर दिया। तोड़फोड़ के बाद सुखेन को खींचकर बाहर निकाला गया और पीटा गया। बीच-बचाव करने पर अर्चिता बिद पर भी हमला किया गया। किसी तरह सुखेन वहां से निकलकर जान बचा सके।

दुर्गापुर के निजी अस्पताल में भर्ती

पूर्व विधायक आलोक मुखर्जी ने बताया कि सुखेन को पहले बड़जोड़ा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता इलाज कराने की है, जिसके बाद थाने में शिकायत दी जाएगी।

जिले में प्रभावशाली पकड़

सुखेन बिद बिष्णुपुर सांगठनिक क्षेत्र में ममता TMC के प्रमुख चेहरों में गिने जाते हैं। वे 2018 से 2023 तक बांकुड़ा जिला परिषद के कर्माध्यक्ष रहे। 2023 के पंचायत चुनाव में उनकी पत्नी अर्चिता बिद ने जीत हासिल की और फिलहाल जिला परिषद की लोक निर्माण कर्माध्यक्ष हैं।

बयानबाजी तेज: किसने क्या कहा

सुखेन बिद (पीड़ित TMC नेता): भाजपा कार्यकर्ताओं ने योजनाबद्ध तरीके से यह हमला किया। यह राजनीतिक रंजिश का मामला है।

अर्चिता बिद (जिला परिषद कर्माध्यक्ष): भाजपा से जुड़े लोगों ने हमला किया है। इलाके में सीसीटीवी लगे हैं, पुलिस फुटेज देखकर अभियुक्तों पर कार्रवाई करे। 'भरोसा इन, भय आउट' के नारे के बीच ऐसी घटनाएं कैसे हो रही हैं?

गोविंद घोष (भाजपा नेता, बड़जोड़ा): घटना से भाजपा का कोई संबंध नहीं है। पिछले 15 वर्षों में TMC के कथित अत्याचारों के प्रति लोगों का आक्रोश और उनकी आपसी गुटबाजी इसका कारण है।

सुजय चौधरी (माकपा नेता): पिछले 15 साल की कथित तानाशाही अपनी जगह है, लेकिन राजनीतिक मंच या ऐसी घटनाओं में हिंसा स्वीकार्य नहीं है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News