

बांकुड़ा: कहते हैं हुनर किसी बंदिश का मोहताज नहीं होता। बांकुड़ा के भकत पाड़ा की रहने वाली गृहिणी अर्पिता सरकार ने इसे सच कर दिखाया है। घर-गृहस्थी और जिम्मेदारियों के बीच अर्पिता ने महज 10 रुपये के सिक्के पर मां दुर्गा की नयनाभिराम सूक्ष्म प्रतिमा उकेरकर सबको हैरत में डाल दिया है।
थीम ‘जगतजननी’: गोद में पृथ्वी थामे दिखीं मां
इस बार अर्पिता ने बेटे के स्कूल प्रोजेक्ट से बची टिश्यू पेपर की कतरनों और धान के दानों से यह कलाकृति तैयार की है। प्रतिमा की खासियत यह है कि इसमें मां दुर्गा अकेले हैं और अपनी गोद में पृथ्वी को संजोए हुए हैं। अर्पिता के अनुसार, "इसकी थीम 'जगतजननी' है। जिस तरह मां परिवार को संभालती है, वैसे ही जगतजननी से प्रार्थना है कि वे इस असहाय पृथ्वी की रक्षा करें।" धान के दानों से मां की पारंपरिक ‘चाला’ (पृष्ठभूमि) सजाई गई है।
जिम्मेदारियों के बीच 10 साल से कला साधना
पति मधुसूदन सरकार पीडब्ल्यूडी में कार्यरत हैं और पुरुलिया में पदस्थ हैं। ऐसे में दो बेटों (अरमान व आयुष्मान) की पढ़ाई, टिफिन, बुजुर्ग सास की देखभाल और चौके-चूल्हे की पूरी जिम्मेदारी अर्पिता के कंधों पर है। बचपन में गुड़िया बनाने पर डांट सुनने वाली अर्पिता इन व्यस्तताओं से वक्त चुराकर पिछले एक दशक से सूक्ष्म शिल्प गढ़ रही हैं। इससे पहले तेजपत्ता पर 3 इंच की सपरिवार दुर्गा प्रतिमा, लहसुन के छिलके व अखबार से 2.5 इंच की सपरिवार माता रानी की प्रतिमा बना चुकी है।