

संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा: पुरुलिया से आदिवासियों की एक सभा में शामिल होकर लौट रहे लोगों से भरा एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में वाहन में सवार लगभग 30 लोग घायल हो गए। हादसा बांकुड़ा जिले के खातरा अंतर्गत धबनी मोड़ से सारंगा के पी मोड़ जाने वाले रास्ते पर केलाती आश्रम के पास जोड़खाल के निकट हुआ।
जानकारी के अनुसार, पश्चिम मेदिनीपुर जिले के सालबोनी थाने के धचाटी गांव के करीब 30 लोग एक पिकअप वैन किराए पर लेकर पुरुलिया में आयोजित आदिवासियों की एक सभा में गए थे। सभा समाप्त होने के बाद सभी लोग वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह दुर्घटना हो गई। जिससे उसमें सवार सभी यात्री घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर खातरा महकमा अस्पताल पहुंचाया। इनमें से एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की हालत बिगड़ने पर उसे बेहतर इलाज के लिए बांकुड़ा सम्मिलनी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल (BSMCH) रेफर कर दिया गया।
नेता पहुंचे अस्पताल, मदद का आश्वासन
दुर्घटना की खबर मिलते ही स्थानीय भाजपा नेतृत्व और कई आदिवासी नेता तुरंत अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।