

आनन्द, सन्मार्ग संवाददाता
मुर्शिदाबाद : भगवानगोला थाने के चर बाबूपुर में एक बांग्लादेशी 15 साल से रह रहा था। उसकी पत्नी और पांच बेटियों के साथ भरा-पूरा परिवार है। उसने इन 15 सालों में यहां रहते हुए अपना वोटर और आधार कार्ड भी बनवा लिया था। वहीं शनिवार रात पुलिस ने चर बाबूपुर से आलम शेख नाम के 45 साल के बांग्लादेशी को गिरफ्तार किया। बांग्लादेशी को पकड़कर लालगोला होल्डिंग सेंटर भेज दिया गया। भगवानगोला SDPO बिमान हलदर ने बताया कि गिरफ्तार बांग्लादेशी को रविवार को लालगोला के पद्म भवन होल्डिंग सेंटर भेज दिया गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे वापस बांग्लादेश भेज दिया जाएगा। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आलम शेख बांग्लादेश के राजशाही जिले के गोदागरी थाना क्षेत्र का रहने वाला है। बांग्लादेश में उसके दो भाई और एक बहन हैं। वह 15 साल पहले गैर-कानूनी तरीके से भगवानगोला बॉर्डर पार कर भारत आया था और चर बाबूपुर में पनाह ली थी। उसने चर बाबूपुर की एक महिला से शादी की और परिवार बसाया। उसका अपने पड़ोसी मोंताज शेख के घर में आना-जाना था। इसी करीबी का फायदा उठाकर आलम शेख ने अपने पड़ोसी मोंताज शेख को अपना पिता बनाकर वोटर और आधार कार्ड बनवा लिया। भगवानगोला पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने कहा, हमें कुछ दिनों पहले मामले का पता चला। उशके बाद गुप्त रूप से जांच शुरू की गई। मोंताज शेख के बच्चों को बुलाया गया और आलम शेख के बारे में पूछताछ की गई। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि आलम शेख उनका पड़ोसी है। उससे उनका कोई पारिवारिक रिश्ता नहीं है। उसके बाद उसके बांग्लादेशी घुसपैठिए की बात पक्की हो गई। शनिवार रात चर बाबूपुर में छापेमारी कर आलम शेख को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने घुसपैठ की बात कबूल कर ली। मोंताज शेख के बेटे सैबुर शेख ने कहा कि आलम शेख ने उसके पिता के नाम का इस्तेमाल करके वोटर और आधार कार्ड बनवा लया था, जिसके बारे में उसे पता नहीं था। पुलिस के गांव आने के बाद ही उन्हें सच्चाई का पता चला। आलम शेख की पत्नी चांदसुरा बीबी ने कहा, मेरे पति को वापस भेज दो या मुझे भी उस देश में भेज दो। भगवानगोला के MLA रेयात हुसैन सरकार ने कहा, मैंने मामले के बारे में सुना है। अगर उस व्यक्ति ने घुसपैठ की है, तो प्रशासन कानून के मुताबिक उसके खिलाफ कार्रवाई करेगा।