बांदना पर्व पर जंगलमहल के गांवों के आंगन बन जाते हैं कला का कैनवास

चावल के आटे से उकेरी जाती हैं आकर्षक आकृतियां
आंगन में उकेरी गई कलाकृति
आंगन में उकेरी गई कलाकृति
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

पुरुलिया : जंगलमहल के गांवों में बांदना पर्व केवल परंपरा और उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि ग्रामीण लोककला और महिलाओं की रचनात्मकता को प्रदर्शित करने का भी खास मौका होता है। पर्व के दो दिनों के दौरान कुड़मी समुदाय के साथ-साथ उनके पड़ोसी हितमितान परिवारों के घरों के आंगन भी विभिन्न कलात्मक आकृतियों से सज उठते हैं। मिट्टी के आंगन पर सफेद रंग से बनाई गई सीधी रेखाएं, गोलाकार आकृतियां, त्रिभुज और तरह-तरह की ज्यामितीय डिजाइन देखते ही बनती हैं। इन आकृतियों के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं अपनी कला और कल्पनाशीलता को जमीन पर उकेरती हैं। इस पारंपरिक कला को तैयार करने के लिए सबसे पहले घर के आंगन को साफ कर गोबर से लीपा जाता है। इसके बाद पाइना लता और अरवा चावल के आटे को मिलाकर प्राकृतिक सफेद रंग तैयार किया जाता है। इसी रंग से महिलाएं आंगन में अलग-अलग तरह की आकृतियां बनाती हैं। आंगन की सतह जितनी अच्छी तरह तैयार होती है, उस पर बनाई गई डिजाइन भी उतनी ही स्पष्ट और आकर्षक दिखाई देती है।

इस कला के लिए महिलाओं को किसी औपचारिक प्रशिक्षण या कला विद्यालय की जरूरत नहीं पड़ती। पीढ़ियों से चली आ रही परंपरा, बचपन की यादें और अपनी कल्पनाशक्ति के सहारे वे विभिन्न डिजाइन तैयार करती हैं। मां और परिवार की दूसरी महिलाओं को देखकर बेटियां भी धीरे-धीरे इस कला को सीखती हैं। इस तरह यह पारंपरिक लोककला एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचती रहती है।

खास बात यह है कि सालभर घरेलू जिम्मेदारियों और खेती-किसानी के कामों में व्यस्त रहने वाली ग्रामीण महिलाओं को बांदना पर्व के दौरान अपनी रचनात्मकता दिखाने का अवसर मिलता है। उनके लिए आंगन में बनाई जाने वाली ये आकृतियां महज सजावट नहीं, बल्कि परिवार की परंपरा, उत्सव के उल्लास और भावनाओं की अभिव्यक्ति का माध्यम हैं।

बाजार से खरीदे गए रंगों और महंगे कलात्मक सामान के बजाय मिट्टी, गोबर, पाइना लता और चावल के आटे जैसी प्राकृतिक चीजों से तैयार यह कला जंगलमहल की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। बांदना पर्व के दौरान गांवों के घर-घर में उभरने वाली ये कलाकृतियां न केवल लोगों का ध्यान आकर्षित करती हैं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं की प्रतिभा और लोकपरंपराओं को भी जीवंत बनाए रखती हैं। इन दिनों पूरे जंगल महल में यह पर्व जोर शोर से मनाया जा रहा है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News