

बर्नपुर : शहीद बाबा दीप सिंह जी गुरुद्वारा ध्रुवडंगाल प्रबंधन कमेटी की और से बाबा दीप सिंह का 269वां शहीदी समागम ध्रुवडंगाल स्थित डीएसए ग्राउंड में भव्य रूप से मनाया गया। मौके पर गुरुद्वारा ध्रुवडंगाल प्रबंधन कमेटी के प्रधान हरपाल सिंह जोहल ने बताया कि समागम को लेकर 13 फरवरी से प्रभात फेरी का शुभारंभ हुआ था, जिसका समापन 20 फरवरी को हुआ। गुरुद्वारा में 19 फरवरी को अखंड पाठ का शुभारंभ हुआ, जिसका समापन 21 फरवरी को हुआ और रविवार को गुरुद्वारा से नगर कीर्तन निकाला गया, जो डीएसए ग्राउंड तक पहुंचा और यहां समागम का आयोजन किया गया। वहीं इस अवसर पर कीर्तनी जत्था गोधूलि से और प्रचारक पटना साहिब से आये, जिन्होंने अपने प्रवचन और कीर्तन से संगत को निहाल किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में आसनसोल नगर निगम के चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी, पार्षद संध्या दास, गुरदीप सिंह, परमजीत सिंह, गुरमीत सिंह, सतपाल सिंह, सुखविंदर सिंह, अवतार सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।