अवैध शराब के खिलाफ जिले में आबकारी विभाग ने चलाया व्यापक अभियान

अवैध शराब के खिलाफ जिले में आबकारी विभाग ने चलाया व्यापक अभियान
Published on: 

संजय, सन्मार्ग संवाददाता

बर्दवान : मुख्यमंत्री के निर्देशों के तुरंत बाद पूर्व बर्दवान जिला पुलिस और जिला आबकारी विभाग ने पूरे जिले में अवैध देशी शराब (चोलाई) के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। इसके साथ ही, आम नागरिक सीधे पुलिस को अवैध शराब के कारोबार की सूचना दे सकें, इसके लिए पूर्व बर्दवान जिला पुलिस की ओर से एक समर्पित (डेडीकेटेड) फोन नंबर भी जारी किया गया है।

​रविवार सुबह से ही मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार बर्दवान थाना, बर्दवान सदर और गलसी आबकारी सर्किल की टीमों ने बर्दवान थाने के अंतर्गत आने वाले विजयराम इलाके में अवैध शराब के खिलाफ जोरदार छापेमारी की। इस कार्रवाई में 170 लीटर देशी शराब बरामद की गई और 4710 लीटर शराब बनाने की सामग्री (लहन) को नष्ट किया गया। इसके अलावा लगभग 40 मटके (हंडी) जब्त करने के साथ-साथ पुलिस और आबकारी विभाग ने शराब बनाने की कई भट्टियों को भी ध्वस्त कर दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह विजयराम के अलग-अलग इलाकों में एक साथ छापेमारी की गई। यहां 50 लीटर शराब, 1320 लीटर शराब बनाने की सामग्री और 15 मटके जब्त किए गए। वहीं​ रेलवे लाइन के पास के इलाके में 700 लीटर शराब, 1290 लीटर सामग्री और 19 मटके बरामद किए गए। ​विजयराम केशरा पाड़ा से 10 लीटर शराब, 80 लीटर सामग्री और 2 मटके जब्त किए गए। ​विजयराम कुड़े पाड़ा से 40 लीटर शराब, 1300 लीटर सामग्री और 4 मटके बरामद किए गए। ​पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में आठ अलग-अलग केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ प्रशासन पूरी तरह ''जीरो टॉलरेंस'' की नीति अपनाएगा।

कार्रवाई के साथ-साथ दूर-दराज के गांवों से भी अवैध शराब कारोबार की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस ने एक समर्पित नंबर चालू किया है। पुलिस के मुताबिक, कोई भी आम नागरिक इस नंबर पर फोन करके अवैध शराब से जुड़ी जानकारी सीधे पुलिस को दे सकता है और उनकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in