

सन्मार्ग संवाददाता
पुरुलिया : अवैध रूप से पत्थर परिवहन किए जाने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए झालदा थाना पुलिस ने गोकुल नगर मोड़ के पास नाका चेकिंग के दौरान करीब चार टन पत्थर लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया। हालांकि पुलिस को देखते ही ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह झालदा थाना के एसआई असीम कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्ती पर थी। इसी दौरान अवैध रूप से पत्थर ले जाए जाने की सूचना मिली। इसके बाद गोकुल नगर मोड़ पर नाका चेकिंग शुरू की गई। इसी क्रम में इच्छाग की ओर से आ रहे ट्रैक्टर को पुलिस ने रुकने का संकेत दिया। पुलिस को देखते ही चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया, लेकिन वह भागने में सफल रहा। ट्रैक्टर की जांच के दौरान उसकी ट्रॉली में करीब चार टन पत्थर लदा मिला। पत्थर के परिवहन से संबंधित कोई वैध परमिट, ट्रांजिट पास अथवा अन्य आवश्यक दस्तावेज चालक की ओर से प्रस्तुत नहीं किया गया। पुलिस ने ई-साक्ष्य के माध्यम से ट्रैक्टर और उसमें लदे पत्थर को जब्त कर लिया है।