

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : बर्नपुर में INTUC महासचिव बिप्लब माजी को लेकर एक कथित घटना ने इलाके में हलचल मचा दी है। आरोप है कि प्लांट के अंदर RMHP जाते समय उनकी गाड़ी से एक साइकिल सवार को धक्का लग गया। हालांकि इस घटना में साइकिल सवार को कोई चोट नहीं आई, सिर्फ साइकिल का हैंडल टेढ़ा हो गया। कार्यरत ठेका कर्मचारी का आरोप है कि धक्का लगने के बाद मौके पर कहासुनी हो गई। उनका कहना है कि इसी दौरान 4-5 ठेका कर्मी ने बिप्लब माजी के साथ मारपीट की। इसके बाद आसपास के कुछ लोगों के समझाने पर उन्हें छोड़ दिया गया।
इंटक महासचिव ने आरोपों को बताया झूठ
वहीं इस पूरे मामले पर INTUC महासचिव बिप्लब माजी ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि यह सब झूठ है। उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। बिप्लब माजी के अनुसार, कुछ प्रतिद्वंदी लोग जानबूझकर उनके खिलाफ अफवाह फैला रहे हैं और उनकी छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।
इलाके में चर्चा का विषय: इस कथित घटना के बाद बर्नपुर में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। एक पक्ष धक्का लगने और हाथापाई की बात कह रहा है, तो दूसरा पक्ष इसे पूरी तरह साजिश बता रहा है। अभी तक इस मामले में किसी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल सच क्या है, यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा। लेकिन इस घटना ने बर्नपुर की श्रमिक राजनीति में एक बार फिर हलचल पैदा कर दी है।