

बर्नपुर : बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद सेल आईएसपी भी एक्शन मोड में है। बता दें कि सेल आईएसपी ने कंपनी की भूमि पर अवैध अतिक्रमण हटाने के अभियान के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। सेल आईएसपी प्रबंधन द्वारा कंपनी की परिसंपत्तियों एवं भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाते हुये त्रिवेणी मोड़ स्थित तृणमूल यूथ कांग्रेस ऑफिस, वार्ड 77 तृणमूल पार्षद ऑफिस एवं सेल आईएसपी पब्लिक हेल्थ ऑफिस के सामने निर्मित आईएनटीटीयूसी ऑफिस को ध्वस्त कर दिया गया।
निशाना बनाकार किया जा रहा यह काम
वार्ड 77 के तृणमूल कांग्रेस के पार्षद गुरमित सिंह ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस को निशाना बनाकर पार्टी ऑफिस तोड़े जा रहे हैं। बर्नपुर टाउन में और भी कई पार्टियों के ऑफिस हैं, उन्हें नहीं तोड़ा गया। सेल आईएसपी को इस जगह से कोई मतलब नहीं है। उन्होंने सवाल दागा कि जमीन सेल आईएसपी की भले है, पर उनके ही पार्टी ऑफिस को निशाना क्यों बनाया गया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वह अभी कुछ पारिवारिक कारणों से बाहर हैं, पर ऑफिस रहने से लहां सो होकर आने-जाने वाली महिला एवं लड़कियां सुरक्षित रहती थीं। ऑफिस के पीछे नशेड़ियों का अड्डा लगता था, ऑफिस रहने से इस पर लगाम लगाया गया था, पर अब अंधकार होने से वहां नशाखोरों का जमावड़ा होगा और कोई भी अप्रिय घटना हो सकती है। इसका जिम्मेवार आईएसपी एवं प्रशासन क्या होगा ? इस समस्या को लेकर स्थानीय पुलिस को भी कई बार सूचित किया गया है। साथ ही वहां सीसीटीवी कैमरा लगाने की मांग की है कि अगर ऑफिस तोड़ा गया तो वहां सीसीटीवी कैमरा लगाया जाये।
क्या कहना है प्रबंधन का
आीएसपी प्रबंधन का कहना है कि यह कार्रवाई स्थानीय पुलिस प्रशासन के सहयोग से शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न की गई। अतिक्रमण हटाने के उपरांत संबंधित क्षेत्र को सील कर दिया गया ताकि भविष्य में पुनः किसी प्रकार का अवैध कब्जा न हो सके।