

मुर्शिदाबाद : शमशेरगंज में भारी मात्रा में हेरोइन बरामद किया गया। जंगीपुर पुलिस जिले अंतर्गत शमशेरगंज थाने की पुलिस को यह एक बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार की शाम शमशेरगंज के डाकबंगला स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 12 से करीब दो किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई। वहीं हेरोइन के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार लोगों के नाम सोहेल राणा और जार्जिस इस्लाम हैं। दोनों मालदा जिले के वैष्णवनगर थाने के निवासी हैं। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि उत्तर बंगाल से हेरोइन लाकर डाकबंगला के रास्ते उनकी झारखंड में तस्करी करने की योजना थी। गुप्त सूचना के आधार पर शमशेरगंज थाने की पुलिस ने अपनी निगरानी शुरू कर दी थी। मंगलवार की शाम पुलिस कर्मियों ने दो लोगों को संदिग्ध रूप से राजमार्ग पर जाते हुए देखा। इसके बाद उन्हें पकड़कर उनकी तलाशी ली गई जहां हेरोइन बरामद की गयी। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। माना जा रहा है कि गिरफ्तार किए गए लोग किसी बड़े मादक गिरोह के सदस्य हैं। फरक्का एसडीपीओ शेख शमसुद्दीन ने बुधवार को शमशेरगंज थाना परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एक सफल ऑपरेशन में दो किलो हेरोइन बरामद की गई जिसके अनुमानित कीमत लगभग दो करोड़ रुपये है। वहीं हेरोइन के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि इस मादक गिरोह में शामिल अन्य लोगों को भी पकड़ा जा सके। गिरफ्तार लोगों को बुधवार को शमशेरगंज थाना पुलिस ने बहरमपुर एनडीपीएस कोर्ट भेज दिया।