

मुर्शिदाबाद : जिले के सालार में माध्यमिक परीक्षा देकर घर लौटते समय एक सड़क हादसे में चार परीक्षार्थी घायल हो गईं। घायल परीक्षार्थियों के नाम अंकिता मंडल, दीपिका सरकार, साथी राजबंशी और शिप्रा राजबंशी हैं। ये सभी सालार के टिया शांति सुधा दास विद्या मंदिर की छात्राएं हैं। शनिवार को काग्राम हाई स्कूल परीक्षा केंद्र से माध्यमिक की परीक्षा देकर कुल आठ परीक्षार्थी घर लौट रही थीं। वहीं काग्राम ग्रामीण अस्पताल से सटे इलाके में अचानक एक और टोटो उनके टोटो के सामने आ गया, जिससे टोटो पलट गया। हादसे में चार परीक्षार्थी गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों और टोटो ड्राइवर ने जल्दी से घायलों को टोटो से निकाला और इलाज के लिए सालार ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया। वहीं चारों परीक्षार्थियों का इलाज अभी वहीं चल रहा है। इस बीच, हादसे की खबर मिलने पर सालार थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पूरी घटना की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे से परीक्षा देकर घर लौट रहे परीक्षार्थी और उनके अभिभावकों में दहशत फैल गई। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।