महिला हत्याकांड का अभियुक्त आया पुलिस के शिकंजे में

महिला का शव के पास तीन वर्षीय घायल बच्चा भी था बेहोश पड़ा
महिला हत्याकांड में गिरफ्तार अभियुक्त
महिला हत्याकांड में गिरफ्तार अभियुक्त
Published on

मुर्शिदाबाद : शमशेरगंज में एक महिला की हत्या के मामले में अभियुक्त इदरीस अली उर्फ ​​मिथुन (42) आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ ही गया। अभियुक्त का घर वैसे तो शमशेरगंज थाने के तारापुर कॉलोनी नंबर 1 में है, लेकिन शादी के बाद पिछले दस साल से वह सागरदिघी थाने के चांदपारा इलाके में अपनी ससुराल में रह रहा था। इदरीस अली पेशे से प्रवासी मजदूर है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शमशेरगंज में हुई हत्या की घटना की जांच के दौरान इदरीस अली का नाम अभियुक्त के तौर पर सामने आया था। आरोप है कि घटना के बाद से ही वह इलाका छोड़कर फरार हो गया था। हालांकि, गुप्त सूत्रों से जानकारी मिलने पर शमशेरगंज थाने की पुलिस ने शुक्रवार शाम छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त से पूछताछ की गई। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में कई अहम जानकारी सामने आई है। इदरीस अली उर्फ ​​मिथुन को शनिवार को जंगीपुर अनुमंडल कोर्ट में पेश किया गया, जिसमें हत्या के पीछे की सही वजह जानने के लिए अभियुक्त की 10 दिनों की कस्टडी मांगी गई है। शमशेरगंज पुलिस इस बात की गहन जांच कर रही है कि हत्या में कोई और तो शामिल नहीं है। गौरतलब है कि गुरुवार सुबह शमशेरगंज के तारापुर अस्पताल के पीछे वाले बगीचे से एक महिला का खून से लथपथ शव बरामद किया गया था। उसके बगल में तीन साल के बच्चा घायल हालत में पड़ा था। हालांकि बच्चे को किसी तरह इलाज से बचा लिया गया। इस दुखद घटना की खबर मिलने के बाद फरक्का SDPO शेख शमसुद्दीन, शमशेरगंज थाने के IC सुब्रत घोष और पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच शुरू हुई लेकिन काफी देर तक जांच के बाद भी पहचान नहीं हो सकी। 24 घंटे बाद पुलिस को मृत महिला की पहचान का पता चल पाया। इसके बाद शिकायत दर्ज कराई गई। शमशेरगंज पुलिस ने घटना की जांच के 48 घंटे के अंदर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in