

अभय, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : आसनसोल जिला अदालत में 27 अक्टूबर अर्थात आज से तथा दुर्गापुर अदालत में 29 अक्टूबर से वेकेशन कोर्ट की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। वहीं प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी जो लोग किसी आपराधिक मामलों में काफी दिनों से जेल में बंद हैं, उनलोगों को इस वेकेशन कोर्ट के जरिए बाहर आने की पूरी उम्मीद जग उठी है। बता दें कि प्रत्येक वर्ष शिल्पांचल में जब दुर्गापूजा के दौरान कोर्ट की बंदी हो जाती है, तभी प्रत्येक वर्ष यह सुविधा लोगों के लिए लायी जाती है। वहीं इस बार के वेकेशन कोर्ट 27 अक्टूबर अर्थात आज से आसनसोल जिला अदालत में न्यायाधीश याशमीन अहमद द्वारा यह प्रक्रिया सुबह 10.30 बजे से शुरू होगी। इसके बाद 29 अक्टूबर को दुर्गापुर अदालत में न्यायाधीश गिरिजानंद जाना द्वारा यह प्रक्रिया सुबह 10.30 बजे से शुरू की जाएगी। वहीं आगामी 2 नवंबर को आसनसोल जिला कोर्ट में न्यायाधीश सुपर्णा बंद्योपाध्याय द्वारा भी यह प्रक्रिया सुबह 10.30 बजे से शुरू की जाएगी। ठीक इसके बाद आगामी 4 नवंबर को दुर्गापुर कोर्ट में न्यायाधीश प्रशांत चौधरी द्वारा भी यह प्रक्रिया सुबह 10.30 बजे से शुरू की जाएगी। इसके बाद आगामी 6 नवंबर को आसनसोल जिला कोर्ट में न्यायाधीश विपाशा मंडल द्वारा यह प्रक्रिया सुबह 10.30 बजे से शुरू की जाएगी। बताया जाता है कि पूरे शिल्पांचल में बड़ी संख्या में केश लंबित चल रहे हैं। वहीं कुछ लोगों को उनके आपराधिक मामलों में राहत भी मिल चुकी है, जबकि बाहर कुछ लोग ऐसे भी हैं जो जेल में बंद अपने बंदियों को रिहा कराने के लिए पूरा परिश्रम कर रहे हैं। अब देखना यह है कि इन पांच वेकेशन कोर्ट में कितने अभियुक्तों को राहत मिलती है और कितने अभियुक्तों को वापस अपना वक्त जेल में ही गुजारना पड़ता है ? अब सभी लोगों को की निगाहें इस वेकेशन कोर्ट के नतीजे पर टिकी हुई है।