

बर्नपुर : आसनसोल साउथ (टाउन) ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस की तरफ से केंद्र सरकार एवं भाजपा के विरोध में एक रैली निकाली गई, जो बर्नपुर त्रिवेणी मोड़ से शुरू होकर बस स्टैंड तक गई। गौरतलब है कि कोलकाता के मेयो रोड में सोमवार को सेना के जवानों ने तृणमूल भाषा आंदोलन के मंच को वहां से हटा दिया था। भारतीय सेना के इस रवैये को देखते हुये बर्नपुर में केंद्र सरकार के खिलाफ रैली निकाली गई। मौके पर आसनसोल साउथ (टाउन) ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष अनूप कुमार माजी ने बताया कि सोमवार को कोलकाता में मेयो रोड पर गांधी प्रतिमा के बगल में तृणमूल कांग्रेस द्वारा स्थापित मंच को गिराना कहीं से उचित नहीं था। साथ ही उन्होंने बताया कि भारतीय सेना का उपयोग सही काम में न कर राजनीतिक कार्यों में किया जा रहा है, जो सही नहीं है। इस मौके पर आईएनटीटीयूसू के ब्लॉक अध्यक्ष अक्षय घोष, एमएमआईसी मानस दास, बोरो चेयरमैन डॉ. देवाशीष सरकार, पार्षद सोना गुप्ता, राकेश शर्मा, सीमा मंडल, कल्याणी रॉय, मीना हांसदा, ज्योति कर्मकार, दिलीप ओरांग, मोहम्मद हसरतउल्लाह सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।