डेंगू के खिलाफ आसनसोल नगर निगम की बड़ी पहल

मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने रैली में मिलाया कदम से कदम
डेंगू के खिलाफ आसनसोल नगर निगम की बड़ी पहल
Published on

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : डेंगू की रोकथाम और शहर को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से आसनसोल नगर निगम ने मोर्चा संभाल लिया है। निगम के तीन दिवसीय डेंगू रोकथाम एवं स्वच्छता अभियान के तहत शनिवार को जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें राज्य की नगरपालिका एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल खुद सड़क पर उतरीं और लोगों को जागरूक किया। बता दे कि यह रैली रामसायर मैदान से शुरू होकर मोहिशीला बड़तला मैदान तक गई। रैली के दौरान लोगों से अपील की गई कि घर, दुकान, छत, गमले, पुराने बर्तन, टायर और प्लास्टिक के डिब्बों में पानी जमा न होने देने का निर्देश दिया गया। मौके पर मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि डेंगू से जंग सिर्फ नगर निगम या स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर परिवार को अपनी भूमिका निभानी होगी। घर और आसपास साफ-सफाई रखना ही सबसे बड़ा बचाव है। नगर निगम का यह अभियान सिर्फ एक दिन का नहीं, बल्कि लोगों को स्वच्छता को अपनी जीवनशैली बनाने के लिए प्रेरित करने का लक्ष्य लेकर चलाया जा रहा है। खासकर बारिश के मौसम में जलजमाव रोकने और कूड़ा-कचरा खुले में न फेंकने पर जोर दिया जा रहा है। इस मौके पर रैली में नगर निगम आयुक्त दिलीप मिश्रा , डीसीपी ट्रैफिक अविनाश भीमराव, आसनसोल साउथ थाना के आईसी विश्वजीत मुखर्जी, आसनसोल साउथ टीजी के प्रभारी चिरंजीव गुहा रॉय सहित नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी, सफाईकर्मी और बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद थे।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in