

गोपाल, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल: आसनसोल नगर निगम का चुनाव कब होगा, इसे लेकर लोगों में उत्सुकता बनी हुई है। एक ओर जहां लोगों में इसे लेकर उत्सुकता है, वहीं अंदरूनी स्तर पर प्रशासनिक तैयारियां भी चल रही हैं। जानकारी के अनुसार निगम के वार्डों के डीलिमिटेशन का कार्य भी तीव्र गति से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी बीच बुधवार को आसनसोल के एसडीओ ऑफिस में एक सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है।
उक्त बैठक में आसनसोल नगर निगम चुनाव के संकेत मिलने की संभावना है। हालांकि तय एजेंडे में इसका उल्लेख नहीं किया गया है, पर सूत्रों का कहना है कि संभवतः इस बैठक में आसनसोल नगर निगम क्षेत्र में वार्डों की संख्या कितनी बढ़ाई गई है, इसकी जानकारी दी जा सकती है। राजनीति के जानकारों का कहना है कि दुर्गापुर में भी इसी प्रकार की एक बैठक में सीटों की संख्या के बारे में बताया गया था।
पूर्व के अनुभवों को देखते हुए कुछ नेताओं का मानना है कि बुधवार को प्रस्तावित बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा हो सकती है। हालांकि यह फिलहाल महज एक कयास भर बताया जा रहा है। बता दें कि अगर प्रस्तावित बैठक में निगम के वार्डों को बढ़ाए जाने की जानकारी नेताओं को दी जाती है, तो इसके बाद नोटिफिकेशन जारी हो सकता है। नोटिफिकेशन जारी होने के बाद उस पर विभिन्न राजनीतिक दलों से आपत्तियां व सुझाव मांगे जाएंगे। आपत्तियों और सुझावों के निपटारे के बाद वार्डों के डीलिमिटेशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। डीलिमिटेशन की पूरी कार्रवाई संपन्न होने के बाद चुनाव की घोषणा होगी। नगर निगम चुनाव की घोषणा के 28 दिनों के भीतर चुनाव पूरा कराया जा सकता है।
जानकारों का कहना है कि अगर बैठक में इस मुद्दे पर प्रशासनिक संकेत मिलते हैं, तो पूरी प्रक्रिया संपन्न होने के बाद संभव है कि फरवरी में नगर निगम चुनाव हों। अगर बैठक में इस संबंध में कोई संकेत नहीं मिले, तो फिर फरवरी में चुनाव की संभावनाओं पर विराम लग सकता है। अब देखना यह है कि एसडीओ द्वारा बुलाई गई बैठक में क्या निगम चुनाव के संकेत दिए जाते हैं या फिर इस मामले को फिलहाल ठंडे बस्ते में ही रखा जाएगा