
मुर्शिदाबाद : गुरुवार की सुबह मुर्शिदाबाद थाना अंतर्गत नतुनग्राम पंचायत के पठानपाड़ा आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों पर टाली की छत गिर गयी। इस घटना में आठ बच्चे घायल हो गये। स्थानीय लोगों ने घायल बच्चों को बाहर निकाला और लालबाग अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। बाद में एक बच्चे की हालत बिगड़ने पर उसे मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। खबर मिलते ही लालबाग अनुमंडल मजिस्ट्रेट बनमाली और मुर्शिदाबाद थाना आईसी घटनास्थल पर पहुंचे। लालबाग अनुमंडल मजिस्ट्रेट ने घटनास्थल का दौरा किया और बच्चों के अभिभावकों और ग्रामीणों से बात की। उन्होंने कहा कि स्कूल चलने के समय टाली की छत गिरने से आठ बच्चे घायल हो गये। उनका इलाज चल रहा है। घटना के समय स्कूल में मौजूद शेष बच्चों को निगरानी में रखा गया है। अभिभावकों को सलाह दी गयी है कि कोई भी समस्या होने पर प्रशासन को सूचित करें। सीडीपीओ और सुपरवाइजर को गुरुवार की सुबह की घटना की रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी। मुर्शिदाबाद थाना के नतुनग्राम पंचायत के पठानपाड़ा में आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 76 स्थित है। आंगनबाड़ी सेविका के टाली वाले घर में केंद्र स्थित है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार लंबे समय से जीर्णोद्धार नहीं होने से केंद्र जर्जर हो गया था। वहीं पिछले दिनों हुई लगातार बारिश के कारण टाली वाले चाल के नीचे लगा बांस और भी कमजोर हो गया जिस कारण गुरुवार की सुबह स्कूल चलने के दौरान यह ढह गया। घटना में आठ बच्चे घायल हो गये जिनका इलाज चल रहा है। घायल बच्चों में एक की मां बेली बीबी ने बताया कि टाली वाला चाल कुछ दिनों से झुक गया था। उसके बांस कमजोर हो गये थे। अभिभावकों ने कई बार केंद्र के जीर्णोद्धार की मांग की लेकिन उसे ठीक नहीं किया गया। लोगों का कहना है कि प्रशासन को बच्चों का ध्यान रखते हुए केंद्र को दूसरी जगह शिफ्ट करना चाहिए था। एक अन्य निवासी साईं शेख ने बताया कि वह घर पर काम कर रहा था। अचानक बच्चों की चीख-पुकार सुनकर वह दौड़कर आया देखा तो बच्चे गिरे टाली की छत के नीचे दबे हुए थे। इसी बीच कुछ और लोग दौड़कर आए। उन्होंने मिलकर टाली की छत को हटाया और बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।