

मुर्शिदाबाद : जमीन को लेकर पुराने विवाद में मारपीट की घटना घट गई। सूचना पाकर मामले को शांत कराने पहुंची पुलिस पर हमला किया गया। घटना में कांदी थाने के आईसी मृणाल सिन्हा घायल हो गए। सूत्रों का कहना है कि उनके सिर में गंभीर चोट आई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कांदी थाना के गोकर्ण मजार धार इलाके में एक विवादित जमीन पर कब्जे को लेकर अदालत के आदेश के बाद दो पक्षों के बीच अचानक तनाव बढ़ गया। स्थानीय लोगों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सूचित किया। कथित तौर पर, जब स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आईसी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा, तो एक पक्ष के साथ झगड़े के कारण हाथापाई हो गई। उस समय, बदमाशों ने आईसी मृणाल सिन्हा पर हमला किया। हाथापाई में उनके सिर में चोट आई। घायल आईसी को गोकर्ण ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया। कहा जा गया है कि आईसी के सिर पर कई टांके लगे हैं। बाद में, आईसी मृणाल सिन्हा को मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त हो गया। आगे की किसी अशांति को रोकने के लिए बड़ा पुलिस बल तैनात किया गया है। जिला पुलिस अधीक्षक कुमार सनीराज ने बताया कि बदमाशों की पहचान कर ली गई है। हालात सामान्य होने तक इलाके में निगरानी रखी जाएगी। घटना की जांच भी शुरू कर दी गई है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, जमीन का विवाद पुराना था। अगर पुलिस नहीं आती तो कुछ बड़ा हो सकता था। जिले के अन्य पुलिस अधिकारियों ने भी जिला आईसी पर हुए हमले पर रोष व्यक्त किया है।