तृणमूल का बधाई संदेश फ्लैक्स फाड़कर फेंका मिलने से मचा हड़कंप

तृणमूल और भाजपा में आरोप-प्रत्यारोप शुरू
फाड़कर फेंका हुआ तृणमूल कांग्रेस का बधाई फ्लैक्स
फाड़कर फेंका हुआ तृणमूल कांग्रेस का बधाई फ्लैक्स
Published on

मुर्शिदाबाद : मुर्शिदाबाद निगम इलाके में रात के अंधेरे में पार्टी नेता ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी और जिला नेतृत्व का शारदीय बधाई देने वाला एक फ्लेक्स फाड़ दिया गया। इस घटना से नाराज तृणमूल नेतृत्व ने मुर्शिदाबाद थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराकर दोषियों की पहचान कर उचित सजा देने की मांग की है। इस संबंध में मुर्शिदाबाद थाने के आईसी राजा सरकार ने कहा कि इस तरह की शिकायत थाने में दर्ज कराई गई है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है। आरोप है कि इस तरह के 20 फ्लैक्स फाड़कर फेंक दिये गये हैं। उल्लेखनीय है कि हाल ही में पार्टी की संगठनात्मक ताकत को मजबूत करने के लिए राज्य भर में नेतृत्व में फेर-बदल की गयी है। इसी तरह, मुर्शिदाबाद शहर तृणमूल अध्यक्ष पद से इंद्रजीत धर को हटा दिया गया है और शुभाशीष सरकार संजू को जिम्मेदारी दी गई है। वर्तमान में, इंद्रजीत धर मुर्शिदाबाद नगर पालिका के अध्यक्ष हैं। फ्लेक्स पर पार्टी नेता ममता बनर्जी, पार्टी के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी, जिला अध्यक्ष अपूर्व सरकार डेविड और सावनी सिंह रॉय की तस्वीरें थीं। फ्लेक्स मूल रूप से शहरी क्षेत्र में लोगों को दुर्गा पूजा , दिवाली और छठ पूजा की शुभकामना देने के लिए लटकाए गए थे। वहीं जैसे ही यह घटना सामने आई, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मुर्शिदाबाद शहर तृणमूल अध्यक्ष शुभाशीष सरकार संजू ने शनिवार दोपहर मुर्शिदाबाद पुलिस स्टेशन में एक लिखित शिकायत दर्ज करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व में बदलाव के बाद से ऐतिहासिक शहर मुर्शिदाबाद में संगठन का एक अतिरिक्त स्तर जुड़ गया है। यही बात भाजपा नेतृत्व को डरा रही है। नतीजतन, वे लोग अब गंदी राजनीति कर रहे हैं। भाजपा उन फ्लैक्स को फाड़कर तृणमूल में गुटीय संघर्ष पैदा करने की कोशिश कर रही है। इस संबंध में नगरपालिका अध्यक्ष ने कहा अगर पुलिस शहर के सीसीटीवी फुटेज की जांच करे तो सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा। हालांकि, नगरपालिका अध्यक्ष इंद्रजीत धर का स्पष्ट कथन है कि यह विपक्ष का काम है। इधर भाजपा विधायक गौरीशंकर घोष ने कहा कि तृणमूल पार्टी में गुटबाजी का कोई अंत नहीं है। इसलिए, जब एक गुट फ्लैक्स लगाता है तो दूसरा गुट उसे फाड़ देता है। यह कोई नई घटना नहीं है। भाजपा ऐसी गंदी राजनीति नहीं करती है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in