

बर्नपुर : धर्मांतरण के कई सनसनीखेज मामले सामने आते हैं और देखा जाता है कि इन मामलों में प्रलोभन, नौकरी का लालच देकर हिंदू युवाओं और महिलाओं को फंसाकर धर्म परिवर्तन कराया जाता है। वहीं ऐसा ही एक मामले का खुलासा बर्नपुर के स्टेशन रोड में हुआ है। इस खुलासा के बाद पूरे स्टेशन रोड में काफी आक्रोश और हड़कंप की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इसके बाद हीरापुर थाना की पुलिस ने मौके पर आकर स्थिति को संभाला और हॉल खाली करवाया। वहीं इस ममाले में पुलिस पास्टर सायन सेनगुप्ता और उसकी पत्नी को पूछताछ के लिए थाना ले गई थी। वहीं इस मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद की तरफ से हीरापुर थाना में रविवार शाम शिकायत दर्ज कराई गई है।
क्या है मामला
मौके पर भाजपा नेता रामानंद साह, बप्पा चटर्जी, पवन कुमार सिंह, कन्हैया कुमार ने बताया कि काफी दिनों से स्टेशन रोड के एक हॉल में महिलाओं को धर्मांतरण करने की प्रकिया चल रही थी। विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों द्वारा इस पर बहुत दिनों से नजर रखी गई थी। आरोप है कि हर रविवार को यहां महिला एवं छोटे बच्चे आकर पास्टर द्वारा धार्मिक प्रवचन सुनते थे। उन्होंने आरोप लगाया है कि उन्हें रुपये का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराया जाता था और आसपास की गरीब महिलाओं को लाने के लिए भी कहा जाता था। उन्होंने पुलिस से इस मामले की जड़ तक पहुंचने और गिरोह का पत्ता लगाने की मांग की है।