

चित्तरंजन : चित्तरंजन रेलइंजन कारखाना (चिरेका) में वाइस वार्डन के चुनाव के दो साल बाद, आखिरकार निर्वाचित एरिया उपवार्डन को उनके अधिकार मिल गए हैं। 17 मई 2023 को आयोजित चुनावों में निर्वाचित आठ उम्मीदवार शनिवार 10 मई से अपने-अपने क्षेत्रों के उप वार्डन के रूप में पदभार संभालेंगे। यह जानकारी चिरेका डीजीएम द्वारा जारी अधिसूचना के माध्यम से दी गई है जिसके अनुसार यह कार्यकाल 10 मई से प्रभावी होगा। यहां उल्लेखनीय है कि चुनाव अधिसूचना संख्या जीएम/जी/120 दिनांक 19/04/2023 के अनुसार आयोजित किए गए थे जिसमें क्षेत्र समिति और उप वार्डन के लिए क्रमशः 14 मई 2023 और 17 मई 2023 को चुनाव हुए थे। 17 मई 2023 को संपन्न हुए चुनावों के परिणाम स्वरूप उम्मीदवारों को उनके संबंधित क्षेत्रों के उप वार्डन के रूप में नियुक्त किया गया है, जिनकी नियुक्ति 10 मई 2025 से प्रभावी होगी। एरिया वाइस उप वार्डन के नाम क्षेत्र-1 श्यामल गोप, क्षेत्र-2 सौगत भट्टाचार्य, क्षेत्र-3 विद्युत कुमार दास, क्षेत्र-4 मृणाल कांति गुहा, क्षेत्र-5 सुरेन्द्र कुमार झा, क्षेत्र-6 सुदीप कुंडू, क्षेत्र-7 आनंद कुमार सिंह तथा क्षेत्र-8 राजेन्द्र कुमार हैं।