

आसनसोल : पश्चिम बंगाल सरकार के नगर कार्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास और समाज कल्याण विभाग की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने आसनसोल जिला अस्पताल को सुव्यवस्थित करने को लेकर एक जरूरी बैठक की। गौरतलब है कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य रोगी का सही तरह से इलाज एवं अस्पताल के सभी विभागों की व्यवस्था को सही रूप से सुचारू संचालन करने को लेकर बैठक की गयी। बैठक के दौरान मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि आसनसोल जिला अस्पताल में कोई भी व्यवस्था सही नहीं है, इन सबको ठीक करना होगा। उन्होंने अस्पताल के सुपर को निर्देश दिया कि अस्पताल के स्टाफ समय पर आयें और समय पर काम पूरा करें, इसे ठीक करने के लिए स्वास्थ्य विभाग बायोमेट्रिक अटेंडेंस की व्यवस्था करेगा। आगे कहा कि अस्पताल में चारों तरफ गंदगी फैली रहती है, इसे ठीक किया जाये। विशेष कर बाथरूम को एक दिन में दो बार फिनाइल से साफ किया जाये। साथ ही कहा कि वे एक नंबर जारी करेंगी, जिसमें अस्पताल का कोई भी कर्मी किसी रोगी के साथ दुर्व्यवहार करेगा तो वे लोग सीधे उसके नाम के साथ शिकायत दर्ज कर सकते हैं। वही बैठक में अस्पताल की सुरक्षा को लेकर भी चर्चा की गई कि मुख्य गेट पर कोई गार्ड नहीं रहता है और टोटो - ऑटो मनमाने तरीके से अंदर प्रवेश कर जाते हैं। अस्पताल के चारों ओर एक बाउंड्री वॉल होगा जो अस्पताल को कुछ हद तक सुरक्षित रखेगा। साथ ही अस्पताल में डॉक्टर एवं स्टाफ कम की कम संख्या पर भी चर्चा की गयी। इस मौके पर डीएम एस पोन्नमबलम, विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, आसनसोल जिला अस्पताल के सुपर डॉ. निखिल चंद्र दास, अस्पताल के विभिन्न विभाग के डॉक्टर सहित स्टाफ मौजूद थे।