

आसनसोल : शहर के चांदमारी स्थित आसनसोल रायफल क्लब को बुलंदी पर ले जाने का श्रेय बीके ढल को जाता है। उन्होंने यहां विश्वस्तरीय आधुनिक रेंज की व्यवस्था कर कई निशानेबाजों को देश, एशियार्ड और ओलंपिक स्तर पर पहुंचाने में सहयोग किया है। देश के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए सीधे डीएसपी स्तर पर नौकरी दी जाएगी। ये बातें आसनसोल रायफल क्लब परिसर में आयोजित 58 वीं वेस्ट बंगाल स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप (रायफल एवं पिस्टल) 2026 के उद्घाटन के मौके पर मंत्री डॉ. अजय पोद्दार ने कही। उन्होंने कहा कि पिछले कैबिनेट की बैठक के दौरान इस मुद्दे को लेकर चर्चा करने के बाद निर्णय लिया गया है। इससे खिलाड़ियों को आगे और बेहतर करने की प्रेरणा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि राज्य के साथ पश्चिम बर्दवान जिले के सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों में खेल को बढ़ावा देने के लिए इंडोर स्टेडियम खोला जाएगा, जिसे 4-5 सालों के भीतर पूरा करने का समय निर्धारित किया गया है। मंत्री डॉ. अजय पोद्दार और आसनसोल के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने निशाने लगाते हुए शूटिंग चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। जिलाधिकारी एस पोन्नमबलम ने कहा कि आसनसोल रायफल क्लब का शूटिंग रेंज विश्वस्तरीय होने से निशानेबाजों को अभ्यास करने व देश के लिए पदक जीतने में काफी मदद मिल रही है। युवा निशानेबाज अभिनव साव विश्व स्तर पर पदक अर्जित करने में कामयाब हो रहे हैं। आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि विधायक और सांसद शत्रुघ्न सिन्हा एक साथ मिल कर काम करेंगे ताकि शहर के हर क्षेत्र में विकास हो सके। सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने सांसद फंड से रायफल क्लब परिसर में बने हॉल का वातानुकिलत करने की घोषणा की। इसके पहले उन्होंने यहां आधुनिक शूटिंग रेंज के लिए मदद की थी। बंगाल रायफल एसोसिएशन के अध्यक्ष बीके ढल ने कहा कि इस शूटिंग प्रतियोगिता में करीब 1000 शूटरों ने भाग लिया है। प्रतियोगिता का फाइनल पुरस्कार वितरण के साथ 9 अगस्त को समापन हो जाएगा।