अनियंत्रित होकर कलवर्ट के नीचे गिरी तेज रफ्तार कार

क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को निकाला गया बाहर
अनियंत्रित होकर कलवर्ट के नीचे गिरी तेज रफ्तार कार
Published on: 

इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता

दुर्गापुर : तेज रफ्तार के कारण एक भीषण सड़क हादसे में चारपहिया वाहन कलवर्ट से टकराकर सड़क के नीचे जा गिरा। दुर्घटना में वाहन ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। दुर्गापुर के सिटी सेंटर चर्च के सामने यह हादसा हुआ।

आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि डीवीसी मोड़ की दिशा से तेज गति में आ रही एक कार सिटी सेंटर चर्च के पास अचानक अनियंत्रित हो गई। इसके बाद सड़क किनारे बने कलवर्ट से जोरदार टक्कर मारते हुए वाहन नीचे जा गिरा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि वाहन कलवर्ट के नीचे पलटा पड़ा है। वहीं ड्राइवर कार के अंदर फंसा हुआ है। दुर्गापुर थाना और ट्रैफिक विभाग को सूचना दी गई।

खबर मिलते ही पुलिस और ट्रैफिक विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। एसीपी ट्रैफिक (3) राजकुमार मालाकार भी मौके पर पहुंचे। पुलिस की तत्परता से काफी मशक्कत के बाद गंभीर रूप से घायल ड्राइवर को वाहन से बाहर निकाला गया। उसे तत्काल महकमा अस्पताल पहुंचाया गया।

वहीं दूसरी ओर कलवर्ट के नीचे फंसे दुर्घटनाग्रस्त वाहन को निकालने के लिए क्रेन मंगाई गई। बाद में क्रेन की सहायता से गाड़ी को बाहर निकाला गया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News