

इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता
दुर्गापुर : दुर्गापुर में लगातार कई दिनों से हो रही बारिश के कारण घरों में पानी घुसने से परेशान स्थानीय लोगों ने बैराज रोड पर छाता लगाकर धरना प्रदर्शन किया। इस सड़क पर जाम के कारण उत्तर बंगाल को दक्षिण बंगाल से जोड़ने वाली मुख्य सड़क और राज्य सड़क पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। सूचना पाकर मौके पर कोकोवेन थाना की पुलिस पहुंची। दुर्गापुर नगर निगम के 41 नंबर वार्ड के वीरभानपुर नामो माठ इलाके में बारिश के कारण चारों तरफ जलजमाव हो गया। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने आरोप लगाया कि पिछले दस दिनों से लगातार बारिश के कारण पूरे इलाके में जलजमाव हो गया है। इस दौरान घरों में पानी घुस गया है। इस समस्या को लेकर सिंचाई विभाग से लेकर जिला प्रशासन तक कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आखिरकार नाराज होकर महिलाओं समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग बैराज रोड पर बैठ गए और सड़क को अवरुद्ध कर दिया। वहीं करीब आधे घंटे तक चले इस अवरोध के कारण पश्चिम बर्दवान से बांकुड़ा, दोनों मिदनापुर समेत कई जिलों का संपर्क टूट गया और लंबा जाम लग गया। सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाया। सिंचाई विभाग के अधिकारियों से बात कर समस्या का समाधान कराने के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया। इसके बाद पुलिस ने जाम हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।