सिदुली गांव के ग्रामीणों ने महाप्रबंधक को सौंपा ज्ञापन, पुनर्वास की मांग

कहा- हादसा हुआ तो प्रबंधन होगा जिम्मेदार
अपनी मांगों से अवगत कराते ग्रामीण
अपनी मांगों से अवगत कराते ग्रामीण
Published on: 

संजय सन्मार्ग संवाददाता अंडाल: ईसीएल के केंदा एरिया अंतर्गत सिदुली कोलियरी में जलभराव के बाद हुई भू-धंसान ने स्थानीय निवासियों की नींद उड़ा दी है। दहशत के साए में जी रहे ग्रामीणों ने बुधवार को ईसीएल के केंदा एरिया महाप्रबंधक (GM) को एक लिखित ज्ञापन सौंपकर सभी प्रभावित परिवारों के तत्काल पुनर्वास की मांग की।

ग्रामीणों ने प्रबंधन को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते सुरक्षित स्थानों पर विस्थापन नहीं कराया गया और क्षेत्र में कोई जनहानि या संपत्ति का नुकसान हुआ, तो इसकी पूरी जवाबदेही ईसीएल प्रबंधन की होगी।

5 अक्टूबर के बाद गहराया संकट, घरों पर मंडरा रहा खतरा

स्थानीय निवासी नवीन बराई, शक्ति बाउरी, उज्जवल बारुई, विकास घोष, सुखेन बाउरी और रमेश धांगर ने बताया कि बीते 5 अक्टूबर को सिदुली खदान में अचानक पानी घुस गया था। इस घटना के बाद से ही आसपास के रिहायशी इलाकों में जमीन धंसने की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। कई मकानों में दरारें आ चुकी हैं और लोग दिन-रात जान-माल के खतरे के बीच जीने को विवश हैं।

'टालमटोल बर्दाश्त नहीं, तुरंत हो सुरक्षित पुनर्वास'

ग्रामीणों ने ज्ञापन में स्पष्ट किया कि प्रभावित परिवारों को किसी भी हाल में तुरंत सुरक्षित स्थान पर बसाया जाए। मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही या टालमटोल स्वीकार नहीं की जाएगी। जब तक विस्थापन प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रबंधन कड़े कदम उठाए।

प्रशासन और आला अधिकारियों को भी भेजी गई प्रति

आंदोलनरत ग्रामीणों ने अपनी मांगों और ज्ञापन की प्रतिलिपि जिलाधिकारी (DM), दुर्गापुर महकमा अधिकारी (SDM), प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), ईसीएल के CMD, स्थानीय विधायक और अंडाल थाना प्रभारी को भी भेजी है, ताकि समय रहते आवश्यक प्रशासनिक हस्तक्षेप किया जा सके।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News