IIT खड़गपुर के खनन वैज्ञानिकों ने सिदुली कोलियारी का किया दौरा

कोलियरी एवं भू - धंसान प्रभावित स्थल की जांच की
जानकारी हासिल करती टीम
जानकारी हासिल करती टीम
Published on: 

संजय सन्मार्ग संवाददाता अंडाल: ECL के केंदा क्षेत्र अंतर्गत सिदुली कोलियरी और आसपास के भू-धंसान प्रभावित इलाकों में सुरक्षा का जायजा लेने के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) खड़गपुर के दो सदस्यीय खनन वैज्ञानिकों की टीम ने फील्ड विजिट किया। टीम ने भूमिगत खनन के कारण सतह पर हो रहे असर, भू-अवतलन (लैंड सबसिडेंस) के खतरों और वर्तमान सुरक्षा मानकों की जमीनी समीक्षा की।

सिदुली ग्रुप ऑफ माइंस के अभिकर्ता पंकज कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने वैज्ञानिकों का स्वागत कर उन्हें सिदुली जेके यूनिट की मौजूदा स्थिति और धंसान वाले क्षेत्रों की तकनीकी जानकारी दी।

संकट की पृष्ठभूमि: 5 अक्टूबर को बैरियर टूटने से घुसा था पानी

बीते 5 अक्टूबर को खदान के अंदर बैरियर टूटने से बंद पड़े शंकरपुर ओसीपी का भारी जलभराव सिदुली कोलियरी में घुस गया था।

उस दौरान खदान में फंसे दो कर्मियों को प्रबंधन ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया था, लेकिन तब से सिदुली में खनन कार्य पूरी तरह ठप है।

पानी के खतरे को देखते हुए नजदीकी सीबीआई कोलियरी को एहतियातन बंद करना पड़ा है। आसपास की अन्य खदानों में भी पानी घुसने का जोखिम बना हुआ है।जलभराव की घटना के बाद बीते 14 नवंबर चतराबाद के भुइंया पाड़ा में अचानक जमीन धंसने से एक परिवार का मकान जमींदोज हो गया था, जिससे ग्रामीणों में डर का माहौल है।

वैज्ञानिकों ने जुटाए भूगर्भीय और तकनीकी आंकड़े

IIT खड़गपुर के विशेषज्ञों ने सिदुली कोलियरी, बंद पड़ी शंकरपुर ओसीपी और पुरानी खदानों के ऊपर बसी बस्तियों का बारीकी से निरीक्षण किया। वैज्ञानिकों ने दरार और धंसान वाले संवेदनशील स्थानों से नमूने और तकनीकी डेटा एकत्र किए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, डेटा विश्लेषण के बाद वैज्ञानिक सुरक्षा उपायों और जोखिम न्यूनीकरण (रिस्क मिटिगेशन) की विस्तृत रिपोर्ट प्रबंधन को सौंपी जाएगी। इसी तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर प्रबंधन आगे की कार्ययोजना तय करेगा।

यूनियन की मांग: वैज्ञानिक तरीके से पानी निकालकर चालू हो खदान

एटक (AITUC) नेता राजेंद्र कुमार ने कहा कि खदान में पानी घुसने और भुइंया पाड़ा में हुए भू-धंसान से स्थानीय लोगों में गहरा खौफ है। क्षेत्रवासी जहां सुरक्षा की गारंटी चाहते हैं, वहीं कोयला कामगार खदान दोबारा शुरू होने की राह देख रहे हैं। उन्होंने IIT खड़गपुर के वैज्ञानिकों के दौरे को सकारात्मक पहल बताते हुए मांग की कि वैज्ञानिक पद्धति से डी-वाटरिंग (पानी निकासी) कर खदान का परिचालन जल्द बहाल किया जाए।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News