

संजय सन्मार्ग संवाददाता अंडाल: अंडाल ब्लॉक के सिदुली क्षेत्र में बोरिंग कार्य के दौरान मिट्टी धंसने से एक बार फिर भू-धंसान की दहशत फैल गई। सिदुली-खांद्रा मार्ग के पास बालू बंकर के निकट हुई इस घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में हलचल मच गई। करीब 10 दिन पहले सिदुली के चतराबाद भुइंया पाड़ा में हुई भू-धंसान की घटना की यादें ताजा होने से लोग सहमे हुए हैं।
स्थानीय किसान उज्ज्वल घोष के अनुसार, सिदुली की मुख्य सड़क के किनारे बोरिंग का काम चल रहा था, जिसके बेहद करीब उनकी धान की खेती वाली जमीन है। काम के दौरान अचानक वह हिस्सा जमीन के नीचे बैठ गया और बड़ा गड्ढा बन गया। घटना के बाद से आसपास के लोग संभावित खतरे को लेकर चिंतित हैं।
सुरक्षा व पुनर्वास की मांग तेज
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए रानीगंज मंडल-3 के भाजपा अध्यक्ष इंद्र सेन राय ने कहा कि सिदुली के लोग पहले से ही भू-धंसान के डर के साये में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों की सुरक्षा और पुनर्वास के मुद्दे को लेकर विधायक तथा ईसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत चल रही है।
यह भू-धंसान नहीं
दूसरी ओर, सिदुली ग्रुप ऑफ माइंस के एजेंट पंकज कुमार वर्मा ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है और यह भू-धंसान की घटना नहीं है। उनके मुताबिक, सिदुली कोलियरी के नीचे जमा पानी को बाहर निकालने के लिए विभिन्न जगहों पर बोरिंग कराई जा रही है, ताकि भूजल का दबाव कम हो और नए सिरे से धंसान की आशंका न बने।
उन्होंने बताया कि इसी काम के तहत बालू बंकर के पास बोरिंग की जा रही थी, लेकिन मिट्टी नरम होने के कारण कार्य सफल नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि एहतियातन उस स्थान को पहले ही घेर दिया गया है।