ठंड से बचने के लिए बंद कमरे में जलाया चूल्हा, दम घुटने से वृद्धा की मौत

दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला
प्रतीकात्मक तस्वीर - साभार
प्रतीकात्मक तस्वीर - साभार
Published on: 

संजय सन्मार्ग संवाददाता अंडाल: अंडाल थाना क्षेत्र अंतर्गत शीतलपुर शिव मंदिर इलाके में शनिवार देर रात ठंड से बचने के लिए बंद कमरे में चूल्हा जलाकर सोना एक वृद्धा के लिए जानलेवा साबित हुआ। रविवार दोपहर तक घर से बाहर न निकलने पर परिजनों और पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया तो वृद्धा मृत अवस्था में पड़ी मिली। मृतका की पहचान 65 वर्षीय ठांडा दास के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात ठांडा दास ने कमरे के दरवाजे और खिड़कियां पूरी तरह बंद कर दी थीं और अंदर चूल्हा जलाकर सो गईं। रविवार दोपहर तक जब उनकी कोई हलचल नहीं दिखी, तो परिजन और स्थानीय लोग उनके घर पहुंचे। काफी आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही बनबहाल फांड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में स्थानीय लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया, जहां वृद्धा मृत पाई गईं। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस का मानना है कि बंद कमरे में चूल्हा जलने से बनी जहरीली गैस के कारण दम घुटने से वृद्धा की मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और मामले की छानबीन की जा रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News