

संजय, सन्मार्ग संवाददाता
अंडाल: आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट अंतर्गत अंडाल और फरीदपुर (लावदोहा) थाना क्षेत्र की कुल 160 पंजीकृत दुर्गा पूजा कमेटियों को सोमवार को राज्य सरकार की ओर से वित्तीय सहायता राशि प्रदान की गई। अनुदान राशि मिलने के बाद विभिन्न पूजा कमेटियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों में खासा उत्साह देखा गया।
अंडाल थाना परिसर में आयोजित भव्य समारोह के दौरान क्षेत्र की 111 पूजा कमेटियों को सहायता राशि सौंपी गई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डीसी (ईस्ट) रसप्रीत सिंह, एसीपी (अंडाल डिवीजन) दीप कुमार दास, सीआई सुमन घोष और स्थानीय विधायक पार्थ घोष उपस्थित रहे। अंडाल थाना प्रभारी प्रीतम पाल ने बताया कि सरकारी निर्देशानुसार क्षेत्र की सभी पात्र 111 कमेटियों को समय पर आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया गया है।
लावदोहा में 49 कमेटियों को मिली एक-एक लाख की राशि
उधर, फरीदपुर (लावदोहा) थाना परिसर में भी एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां क्षेत्र की 49 दुर्गा पूजा कमेटियों को एक-एक लाख रुपये की सरकारी वित्तीय सहायता राशि वितरित की गई। इस अवसर पर एसीपी दीप कुमार दास एवं फरीदपुर थाना प्रभारी हिमाद्रि शेखर बर्मन मुख्य रूप से मौजूद थे।
सात नए स्थानों पर पहली बार होगी पूजा
इस वर्ष फरीदपुर थाना क्षेत्र में सार्वजनिक दुर्गा पूजा आयोजनों का दायरा बढ़ा है। क्षेत्र के सात नए स्थानों पर पहली बार सार्वजनिक स्तर पर मां दुर्गे की आराधना की जा रही है। नई कमेटियों के गठन और सरकारी मदद मिलने से स्थानीय ग्रामीणों व श्रद्धालुओं में भारी हर्ष का माहौल है।