

संजय सन्मार्ग संवाददाता अंडाल: ईसीएल के सोनपुर बाजारी क्षेत्र की ओर से 'विशेष अभियान 6' के तहत शुक्रवार को स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक आकर्षक नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं ने अपनी शानदार प्रस्तुति से उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने नाटकीय मंचन के जरिए व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण सुरक्षा के महत्व को बेहद प्रभावी ढंग से रेखांकित किया। नाटक के माध्यम से 'कम करें, पुनः उपयोग करें और पुनर्चक्रण करें' (3Rs) के सिद्धांतों के साथ-साथ ई-कचरे के उचित प्रबंधन और कचरा निस्तारण का कड़ा संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।
पर्यावरण अधिकारी प्रसून चक्रवर्ती ने बताया कि यह आयोजन महाप्रबंधक शंभू कुमार झा के मार्गदर्शन व नेतृत्व में किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्थानीय समुदाय और छात्रों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनने, साफ-सफाई रखने तथा एक स्वस्थ भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित करना था। बच्चों की इस उत्साही भागीदारी ने साबित कर दिया कि रचनात्मक कला समाज में बड़ा बदलाव लाने का एक सशक्त माध्यम है।