बदमाशों ने चाकू की नोंक पर युवक से आईफोन लूटा

छिनतई की घटना से लोगों में दहशत
सीसीटीवी में कैद साइकिल चोरी की तस्वीर
सीसीटीवी में कैद साइकिल चोरी की तस्वीर
Published on: 

अंडाल : अंडाल थाना के बनबहाल फांड़ी अंतर्गत छोरा 7 नंबर इलाके में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। सुनसान रास्ते का फायदा उठाकर बाइक सवार बदमाशों ने चाकू की नोक पर एक युवक से आईफोन लूटकर फरार हो गए। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, मोती बाजार इलाके के रहने वाले राजू दास बाइक से बुधवार देर शाम प्योर जामबाद के रास्ते हरिपुर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह प्योर जामबाद और छोरा 7 नंबर के बीच पहुंचे, वैसे ही पीछे से बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया।

पीड़ित राजू दास कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाशों ने चाकू का भय दिखाकर उनका महंगा आईफोन छीन लिया। इसके बाद बदमाशों ने उनकी बाइक भी ले जाने की कोशिश की, लेकिन काफी कोशिश के बावजूद जब बाइक स्टार्ट नहीं हुई, तो वे घबराकर आईफोन लेकर मौके से फरार हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

पूर्व विधायक के घर से साइकिल चोरी

कल शाम ही बहुला प्योर जामबाद स्थित पूर्व विधायक के घर से एक चोर साइकिल चुराकर रफूचक्कर हो गया। साइकिल चोरी की यह घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ-साफ कैद हो गई है।

चोरी का प्रयास

वहीं, बुधवार देर रात शीतलपुर चंडी पाड़ा इलाके में स्थित ईसीएल के एक पंप हाउस को भी चोरों ने अपना निशाना बनाने की कोशिश की, हालांकि समय रहते सतर्कता बरतने से बड़ा नुकसान टल गया।

लगातार हो रही इन आपराधिक घटनाओं से स्थानीय निवासियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर तुरंत शिकंजा कसने की मांग की है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News