दमकल स्टेशन के लिए भूमि का किया गया प्रशासनिक निरीक्षण

दमकल स्टेशन के लिए भूमि का किया गया प्रशासनिक निरीक्षण
Published on

जामुड़िया : जामुड़ियावासियों की लंबे समय से चली आ रही एक अहम मांग अब साकार होती दिखाई दे रही है। जामुड़िया बाइपास रोड पर प्रस्तावित दमकल (फायर) स्टेशन के निर्माण को लेकर शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण से क्षेत्र के लोगों में उत्साह और नई उम्मीद जगी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जामुड़िया एवं आसपास के औद्योगिक और रिहायशी इलाकों में आग लगने की घटनाओं में हाल के वर्षों में वृद्धि हुई है। वर्तमान में दमकल सेवा के लिए आसनसोल अथवा अन्य दूरस्थ क्षेत्रों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे आपात स्थिति में समय पर मदद पहुंचाने में देरी हो जाती है। इसी समस्या को देखते हुए स्थानीय लोगों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों द्वारा लंबे समय से जामुड़िया में स्थायी दमकल स्टेशन की मांग की जा रही थी। वहीं निरीक्षण के दौरान संबंधित विभाग के प्रशासनिक अधिकारी, तकनीकी कर्मी तथा स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने बाइपास रोड स्थित प्रस्तावित भूमि की स्थिति, पहुंच मार्ग, आसपास की सुविधाओं और भविष्य की जरूरतों का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दमकल वाहनों की आवाजाही, जल स्रोत और सुरक्षा मानकों पर भी चर्चा की गई। निरीक्षण के उपरांत अधिकारियों ने संकेत दिया कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दमकल स्टेशन के निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। इस अवसर पर जामुड़िया के विधायक हरेराम सिंह ने कहा, “जामुड़िया एक तेजी से विकसित हो रहा औद्योगिक क्षेत्र है। यहां दमकल स्टेशन की स्थापना बेहद जरूरी थी। प्रशासनिक निरीक्षण एक सकारात्मक कदम है। दमकल स्टेशन के बन जाने से आग लगने जैसी आपदाओं में त्वरित राहत मिलेगी और जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।” स्थानीय निवासियों ने इस पहल के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू होकर जामुड़िया को अपनी दमकल सेवा मिल सकेगी।


संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in