

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : आसनसोल नगर निगम ने कचरे को संपत्ति में बदलने की दिशा में एक अनोखी और पर्यावरण अनुकूल पहल शुरू की है। बोरो नंबर-7 में इस्तेमाल किए गए फूलों के कचरे से धूपबत्ती बनाने का विशेष उद्योग शुरू किया गया है। इस पहल का उद्देश्य फूलों के कचरे का पुनः उपयोग कर पर्यावरण अनुकूल उत्पाद बनाना और साथ ही रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। आसनसोल नगर निगम के प्रशासक और आयुक्त दिलीप मिश्रा ने इस धूपबत्ती बनाने वाली फैक्ट्री का निरीक्षण किया और इस पहल की विभिन्न गतिविधियों को प्रत्यक्ष रूप से देखा। उन्होंने वहां काम कर रहे लोगों से बातचीत की और पूरी प्रक्रिया को समझा।
कैसे काम करेगी यह पहल?
मंदिरों, पूजा पंडालों, फूल बाजारों और घरों से रोजाना बड़ी मात्रा में फूलों का कचरा निकलता है। पहले यह कचरा नालियों और डंपिंग ग्राउंड में फेंक दिया जाता था, जिससे गंदगी और बदबू फैलती थी। अब इसी फूलों के कचरे को इकट्ठा करके सुखाया जाएगा और फिर उसे मशीनों की मदद से धूपबत्ती में बदला जाएगा। निगम अधिकारियों के अनुसार इस तरह बनी धूपबत्ती पूरी तरह से पर्यावरण अनुकूल और केमिकल मुक्त होगी। इससे न तो वायु प्रदूषण होगा और न ही स्वास्थ्य पर कोई बुरा असर पड़ेगा। रोजगार को मिलेगा बढ़ावा इस पहल से सबसे बड़ा फायदा स्थानीय लोगों को रोजगार के रूप में मिलेगा। खासकर महिलाओं और स्व-सहायता समूहों को इस काम से जोड़ा गया है। उन्हें फूलों के कचरे को अलग करने, सुखाने और धूपबत्ती बनाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने का मौका मिलेगा। दिलीप मिश्रा ने निरीक्षण के दौरान कहा कि आसनसोल नगर निगम का लक्ष्य 'वेस्ट टू वेल्थ' यानी कचरे से समृद्धि की ओर बढ़ना है। उन्होंने कहा कि यह पहल सिर्फ कचरा प्रबंधन नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और रोजगार सृजन का एक मॉडल है।