बीएसयूपी क्वार्टर आवंटन को लेकर भ्रष्टाचार का आरोप

मोटी रकम लेकर लोगों को क्वार्टर आवंटित करने का आरोप
बीएसयूपी क्वार्टर आवंटन को लेकर भ्रष्टाचार का आरोप
Published on

आसनसोल : आसनसोल नगर निगम के डामरा क्षेत्र में गरीबों के लिए बीएसयूपी आवास को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है। आरोप है कि नगर निगम द्वारा बनाये गये बीएसयूपी क्वार्टरों को लेकर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है और लाभार्थियों को नगर निगम में लगभग साढ़े सात हजार रुपये जमा कर आवास प्राप्त करना था। वहीं बाद में इन आवासों के आवंटन में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं और धांधली के आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि जिन लाभार्थियों के नाम पर आवास स्वीकृत हुए थे, उन्हें आवास देने के बजाय अन्य लोगों को मोटी रकम लेकर आवास आवंटित कर दिया गया। भाजपा का आरोप है कि लंबे समय से इस संबंध में शिकायतें मिल रही थीं, लेकिन नगर निगम की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इस मामले में मिली शिकायतों के आधार पर आसनसोल दक्षिण थाना की पुलिस ने शेख खालिद एवं पिंकी कुमारी को गिरफ्तारी किया है और एक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

भाजपा ने खोला मोर्चा

भाजपा ने आरोप लगाया कि कई आवास कई हजार रुपये लेकर बेचे गए। उन्होंने दावा किया कि कुछ खाली आवासों में शराबखोरी और अन्य अवैध गतिविधियां भी संचालित हो रही थीं। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा संबंधित आवासों में पहुंचने पर नगर निगम का एक रेजोल्यूशन रजिस्टर बरामद किया गया। आरोप है कि सरकारी दस्तावेज आम लोगों के पास पाए गए, जो गंभीर अनियमितता का संकेत है। साथ ही आवंटन स्लिप में व्हाइटनर लगाकर मूल नाम मिटाकर दूसरे लोगों के नाम लिखे जाने का भी आरोप है। भाजपा नेता ने कहा कि पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी गई है।

मेयर ने दिए जांच के निर्देश

आसनसोल नगर निगम के मेयर बिधान उपाध्याय ने कहा कि डामरा क्षेत्र में गरीबों के लिए बनाए गए बीएसयूपी आवासों को लेकर यदि किसी प्रकार के व्यवसाय या अनियमितता की शिकायत मिली है तो नगर निगम इसकी जांच करेगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

निगम में विपक्ष की नेत्री ने उठाया सवाल

नगर निगम की विपक्ष की नेत्री चैताली तिवारी ने कहा कि केवल डामरा आवास परियोजना ही नहीं, बल्कि आसनसोल नगर निगम के कई क्षेत्रों में भ्रष्टाचार के आरोप हैं। उन्होंने कहा कि अब सभी मामलों की जांच कर सच्चाई सामने लाई जाएगी।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in