

बर्नपुर : प्रत्याशियों की घोषणा होने के साथ ही प्रत्याशियों द्वारा जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया गया है। जैसा की संभावना थी कि इस बार के चुनाव प्रचार में AI का जमकर उपयोग होगा, यह प्रारंभ भी हो गया है। AI के उपयोग के साथ-साथ दुरुपयोग का मामला भी अब सामने आने से विभिन्न राजनीतिक दलों में हलचल मच गयी है। इतना ही नहीं, आम लोगों में भी भ्रम की स्थिति बनने लगी है। ताजा घटना आसनसोल साउथ विधानसभा क्षेत्र की प्रत्याशी अग्निमित्रा पॉल के चुनाव प्रचार वीडियो में देखा जा रहा है। जानकारी के अनुसार उक्त प्रचार का एक वीडियो जोरों से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर बोला जा रहा है कि 'आरो चाई ना बीजेपी सरकार '। गौरतलब है कि आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के श्यामबांघ इलाके में मंडल 2 में चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा प्रत्याशी ने घर-घर जाकर लोगों से उनका समर्थन करने की अपील की। साथ ही पूरे गाजे-बाजे के साथ 'पाल्टोना दरकार चाई बीजेपी सरकार' का नारा लगाते हुये प्रचार करते हुये आगे बढ़ रही थीं। साथ ही प्रचार के दौरान स्थानीय लोगों ने लाइट और सड़क की भी समस्या बताई, जिसे भाजपा प्रत्याशी द्वारा समाधान करने का आश्वासन दिया गया।
भाजपा ने कहा तृणमूल की है साजिश
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि भाजपा प्रत्याशी के चुनाव प्रचार के दौरान 'पाल्टोना दरकार चाई बीजेपी सरकार 'का नारा लगाते हुये पूरे गाजे-बाजे के साथ अग्निमित्रा पॉल हाथ जोड़ते हुये आगे बढ़ रही हैं। वहीं उसी वीडियो में बीच में नारा लगता हुआ सुना जा रहा है 'आरो चाई ना बीजेपी सरकार' जो जोरो से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को लेकर चर्चा का माहौल बन गया है। इस मुद्दे पर भाजपा प्रत्याशी अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि यह जो वीडियो वायरल हो रहा है, वह AI द्वारा बनाया गया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल उनके चुनाव प्रचार से डर गये हैं और डर के कारण भाजपा और उन्हें बदनाम करने के लिए इस प्रकार के फेक वीडियो बना वायरल करवा रहे हैं, पर जनता सब जानती है।
तृणमूल ने कहा भाजपा की है गलती
इस मुद्दे पर आसनसोल साउथ ब्लॉक टाउन तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष पूर्णेंदु चौधरी ने कहा कि भाजपा नेताओं को भी पता है कि राज्य में तृणमूल की ही सरकार बनेगी। अब भाजपा के नेता जो भी गलती करेंगे, वे उन सबका आरोप तृणमूल पर डालेंगे। भाजपा प्रत्याशी जान गई हैं कि इस बार आसनसोल दक्षिण से तृणमूल जीतने वाली है, इसलिए अभी से ही वे अपनी हार को छिपाने हेतु सभी आरोप तृणमूल पर लगाने लगी हैं।