आरोप - ओसीपी में ज्ञापन देने गये भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने किया लाठी चार्ज

भाजपा नेता कृष्णेंदु मुखर्जी ने पुलिस पर लगाया लाठी चार्ज करने का आरोप
आरोप - ओसीपी में ज्ञापन देने गये भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने किया लाठी चार्ज
Published on

आसनसोल : बाराबनी थाने के ईटा पाड़ा स्थित खुली मुंह खदान (ओसीपी) में भ्रष्टाचार व कथित तौर पर तृणमूल का सिंडिकेट चलाने के खिलाफ सहित विभिन्न मांगों को लेकर गुरुवार को भाजपा जिला कमेटी की ओर से जिलाध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपने जाने के दौरान पुलिस ने भाजपा समर्थकों को रोक दिया। भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने सड़क पर बेरिकेड लगाकर जाम कर दिया। भाजपा के कार्यकर्ता बेरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने लगे तो व्यापक संख्या में मौजूद पुलिस के साथ धक्का-मुक्की होने लगी। झड़प के बीच कई लोग घायल हो गए। भाजपा के प्रदेश सदस्य कृष्णेंदु मुखर्जी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज किया जिसमें भाजपा प्रदेश सदस्य अरिजीत राय के पिता के पैर में चोट लगी और कई लोग घायल हो गए। उन्होंने कहा कि इसके पहले भी पुलिस ने भाजपा को ज्ञापन देने से रोक दिया था। उस दिन की तरह आज भी 50 मीटर की दूरी पर व्यापक संख्या में तृणमूल कार्यकर्ता हाथों में पार्टी का झंडा व लाठी- डंडे लेकर तैनात थे। वे लोग वहीं से भाजपा पर फब्तियां कस रहे थे। भाजपा और पुलिस के बीच करीब आधे घंटे तक नोक-झोंक होती रही जिस कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। इसके बाद सालानपुर स्थित ईसीएल कार्यालय में अधिकारियों के आग्रह पर ज्ञापन सौंपा गया। एसीपी इप्शिता दत्ता ने कहा कि पुलिस ने किसी पर लाठी चार्ज नहीं किया है। धक्का-मुक्की व नोक-झोंक तक सीमित रहा। भाजपा का आरोप गलत है।

असित सिंह के घर के सामने भाजपा करेगी सभा- देवतनु भट्टाचार्य

भाजपा जिलाध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य ने कहा कि पुलिस ने भाजपा को ज्ञापन सौंपने से रोकने के लिए बेरिकेड लगाकर सड़क जाम कर दिया था जिसे भाजपा कार्यकर्ताओं ने तोड़कर अपनी शक्ति को दिखा दिया। पुलिस ने तृणमूल का कैडर बनकर भाजपा को इसके पहले भी ज्ञापन सौंपने से रोक दिया था। वहीं ओसीपी को तृणमूल अपनी जागीर समझ रही है, तभी तो व्यापक संख्या में तृणमूल कार्यकर्ता घटनास्थल पर पहले से लाठी-डंडे लेकर भाजपा को रोकने के लिए पहुंच गये थे। वहां ट्रासंपोटिंग सहित अन्य कार्य तृणमूल के कार्यकर्ता कर रहे हैं। स्थानीय युवकों को काम नहीं दिया जा रहा है। वहां तृणमूल का सिंडिकेट चल रहा है। उन्होंने कहा कि बाराबनी ब्लॉक तृणमूल अध्यक्ष असित सिंह को खुला चैलेंज है। जुलाई में उनके घर के सामने भाजपा सभा का आयोजन करेगी। असित सिंह में हिम्मत है तो रोक कर दिखायें। उन्हें इसके लिए जितनी तैयारी करनी हो कर लें। अब भाजपा ईंट का जवाब पत्थर से देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हीं के ईशारे पर यह सब कुछ हो रहा है। भाजपा को ज्ञापन देने से रोकने के लिए पुलिस और तृणमूल कार्यकर्ता मिलकर प्रयास कर रहे हैं। ईसीएल के अधिकारी ने फोन कर आग्रह किया कि ज्ञापन सालानपुर स्थित कार्यालय में आकर दें। ओसीपी के समीप कोई कार्यालय नहीं है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in