

कुल्टी : कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में भू-माफियाओं की ओर से अवैध रूप से सरकारी एवं वेस्टेड जमीन पर कब्जा के अलावा गैरकानूनी रूप से तालाब की भराई कर निर्माण करने का खेल खुलेआम चल रहा है। इसी क्रम में आसनसोल नगर निगम अंतर्गत बोरो संख्या 9 के बोरो चेयरमैन चैतन्य मांझी ने कुल्टी कॉलेज मोड़ समीप लगभग 92 शतक जमीन पर तालाब की भराई कर चारदीवारी देने एवं कंसक्ट्रक्शन करने को लेकर नगर निगम एवं जिला प्रशासन से लिखित शिकायत की है जिसे लेकर एसडीएल एंड एलआरओ आसनसोल एवं कुल्टी बीएलआरओ की टीम ने उक्त जमीन का निरीक्षण किया। सर्वेयर की ओर से जमीन की मापी की गई। भू राजस्व अधिकारी ने बताया कि इस मामले में जमीन की मापी की जायेगी। हालांकि इस जमीन में कई लोगों का मालिकाना हक है। निरीक्षण के दौरान जमीन मालिक संजय मुखर्जी ने कहा कि कुल्टी के कई इलाकों में सरकारी एवं वेस्टेड जमीन पर अवैध रूप से खुलेआम कब्जा किया जा रहा है लेकिन वहां बोलने वाला कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि कुल्टी में कटमनी का खेल चल रहा है। वहीं कहा कि दाग नं. 740 में लगभग 92 शतक जमीन है जिसमें कई लोगों का मालिकाना हक है। इस जमीन में कोई तालाब नहीं था। इसके बावजूद जनप्रतिनिधियों की ओर से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन इसकी जांच कर उचित कार्रवाई करे, लेकिन कटमनी नहीं दी जायेगी। वहीं शिकायतकर्ता व बोरो चेयरमैन चैतन्य मांझी ने कहा कि यदि कटमनी का आरोप वापस नहीं लिया गया तो आरोपी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज किया जायेगा। उन्होंने कहा कि उनके कई पुश्तें वार्ड नं. 72 में रह रही हैं। इस जमीन में तालाब स्थित था जिसकी अवैध रूप से भराई कर कंसक्ट्रक्शन किया गया है। चैतन्य मांझी ने कहा कि एक जमीन मालिक ने बोरो चेयरमैन का जाली स्टाम्प एवं पैड बनाकर जमीन की खरीद-बिक्री की है जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस में मामला दर्ज किया गया। बाद में उन्हें जेल भेज दिया गया। ये लोग कोर्ट से जमानत पर छूट कर पुनः अवैध रूप से जमीन पर कब्जा एवं तालाब भराई का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का स्पष्ट निर्देश है कि तालाब की भराई करना गैरकानूनी है। यदि कोई व्यक्ति तालाब की भराई करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
किन किन इलाके में भू माफियाओं का वर्चस्व कायम है
कुल्टी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कुल्टी, बराकर, सीतारामपुर, नियामतपुर, शीतलपुर एवं सांकतोड़िया क्षेत्र में भू-माफियाओं का वर्चस्व कायम है। भू-माफियाओं ने सफेदपोशों एवं सरकारी कर्मचारियों की मिलीभगत से कुल्टी के विभिन्न इलाकों में सरकारी जमीन एवं वेस्टेड जमीन पर अवैध कब्जा जमाया है। इसके अलावा रातोंरात तालाब भराई कर उस पर अवैध रूप से निर्माण कार्य किया है। कुल्टी बीएलआरओ कार्यालय के पास में ही कई वेस्टेड जमीन पर भू-माफियाओं ने अवैध रूप से कब्जा जमाया है। कई भू-माफियाओं ने तो स्थानीय पार्षदों का जाली स्टाम्प एवं पैड बनाकर जमीन की खरीद-बिक्री की है। कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में कटमनी का खेल खुलेआम चल रहा है। कई जमीन मालिकों ने भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर कटमनी का आरोप लगाया लेकिन उन्हें समझा-बुझाकर या धमकाकर उनकी जुबान बंद कर दी गयी। हालांकि कुल्टी बीएलआरओ का कहना है कि यदि कोई अवैध रूप से सरकारी जमीन पर कब्जा करता है तो इसकी लिखित शिकायत मिलने पर तत्काल कारवाई की जायेगी।