होटल में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप

सहेली ने नशीली शराब पिलाकर युवकों को सौंपा
होटल में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप
Published on

दुर्गापुर : दुर्गापुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां आठवीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा सामूहिक दुष्कर्म का शिकार हुई है। आरोप है कि बुदबुद थाना क्षेत्र की रहने वाली इस नाबालिग को उसकी ही एक सहेली घर से फुसलाकर बाहर ले गई। इसके बाद एक चारपहिया वाहन के अंदर उसे जबरन नशीली दवा मिली हुई शराब पिलाई और बेहोशी की हालत में तीन युवकों के हवाले कर दिया गया। पीड़िता के पिता के अनुसार अभियुक्त उसे दुर्गापुर के सिटी सेंटर स्थित (कविगुरु) इलाके के एक होटल में ले गए, जहां राज मल्लिक और शेख अजहरुद्दीन सहित तीन युवकों ने उसका शारीरिक शोषण किया। वारदात को अंजाम देने के बाद अभियुक्त पीड़िता को बुदबुद बाईपास इलाके में छोड़कर फरार हो गए। शनिवार रात करीब साढ़े दस बजे एक टोटो चालक ने असहाय स्थिति में नाबालिग को देखा और उसे सुरक्षित घर पहुंचाया, जिसके बाद परिजनों को इस खौफनाक घटना का पता चला। परिजनों ने तुरंत दुर्गापुर महिला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रविवार सुबह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। वहीं पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने भी मामले से जुड़े जरूरी सबूत और नमूने एकत्र किए हैं। वर्तमान में पीड़िता दुर्गापुर अनुमंडल अस्पताल में उपचाराधीन है। इस घटना पर दुख जताते हुए भाजपा युवा नेता पारिजात गांगुली ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और अभियुक्तों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सूचना पाकर पुलिस के अधिकारी की घटनास्थल पर पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस अभियुक्तों से पूछताछ कर रही है। वहीं मामले की जांच के लिए होटल के सीसीटीवी फुटेज को जब्त किया गया है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in