

सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल/ बर्नपुर : राज्य की शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल के नाम पर कुल्टी में 20 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। बर्नपुर में आयोजित कार्यक्रम में राज्य की शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि उनके नाम पर कुल्टी के एक व्यक्ति ने 20 लाख रुपया तोलाबाजी एवं गुंडा टैक्स वसूला है। मंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि अपनी पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं हों या अन्य कोई, यदि कोई भी जबरन वसूली (तोलाबाजी) या अवैध सिंडिकेट में शामिल पाया गया, तो उसे तुरंत पार्टी से बाहर कर दिया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि भ्रष्टाचार और वसूली के मुद्दों पर सरकार और पार्टी किसी भी तरह का कोई समझौता नहीं करेगी। उन्होंने आगे कहा कि हमारी सरकार में तोलाबाजी नहीं चलेगा। कोई भी अवैध टोल टैक्स, कोई भी अवैध शराब एवं अन्य तरह की जबरन वसूली को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उन्होंने बताया कि उन्हें सूचना मिली है कि उनके नाम पर 20 लाख रुपये की वसूली की गयी है। मंत्री के नाम पर रुपये लेने वाले के बारे में पता लगते ही भाजपा के कुछ समर्थकों ने उसे पकड़ लिया। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मंत्री अग्निमित्रा पॉल को बताया कि पकड़े गये लड़के को उनके कार्यालय में लायेंगे। हालांकि मंत्री ने किसी को भी कानून हाथ में नहीं लेने का निर्देश देते हुए कहा कि उसे पुलिस के हवाले कर दिया जाये। पुलिस कानून के अनुसार कार्रवाई करेगी। मंत्री ने कहा कि उस व्यक्ति ने किस विषय में वह पैसा वसूला है, पता किया जा रहा है। यह भी संभव है कि वह गुंडा टैक्स वसूला रहा हो। उन्होंने पुलिस को निर्देश दिया है कि उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो ताकि उसे बेल न मिलने पाये और वह जेल में ही सड़े।