

दुर्गापुर : दुर्गापुर दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) ने अपनी 800 मेगावाट की नई थर्मल पावर यूनिट के चालू होने से पहले स्थानीय लोगों को एक बड़ी सौगात दी है। डीवीसी द्वारा क्षेत्र में एक अत्याधुनिक स्मार्ट फ्री प्राइमरी स्कूल का उद्घाटन किया गया जहां बच्चों को पूरी तरह नि:शुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। इस पहल से स्थानीय अभिभावकों और छात्रों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। दुर्गापुर थर्मल पावर स्टेशन (डीटीपीएस) क्षेत्र में लगभग 8,000 करोड़ रुपये की लागत से नई इकाई का निर्माण कार्य चल रहा है। परियोजना के साथ-साथ डीवीसी पूरे क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को भी आधुनिक रूप दे रहा है। अस्पताल, बैंक, डाकघर और सड़कों का विकास किया जा रहा है। इसी कड़ी में डीवीसी के चेयरमैन एस सुरेश कुमार ने लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से बने हाई-टेक स्कूल का लोकार्पण किया। इस दौरान चेयरमैन एस सुरेश कुमार ने कहा कि नई बिजली इकाई का काम प्रगति पर है, लेकिन हमारा उद्देश्य केवल औद्योगिक विकास नहीं बल्कि सामाजिक उत्थान भी है। इस स्कूल के माध्यम से क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को न केवल मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी, बल्कि उन्हें खेलकूद के आधुनिक अवसर भी प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर डीवीसी के सलाहकार दिलीप अगस्ती, तथागत पांडे और डीटीपीएस के सीनियर जनरल मैनेजर अमित कुमार मोदी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। अभिभावकों ने इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि अब उनके बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।