

बर्दवान : भाजपा की राज्य उपाध्यक्ष एवं आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पॉल ने भाजपा के बर्दवान जिला ऑफिस से बर्दवान साउथ, भातार और दुर्गापुर ईस्ट विधानसभा सीटों में तृणमूल के भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद के बारे में चार्जशीट जमा किया। गौरतलब है कि भाजपा ने यह कार्रवाई आने वाले विधानसभा चुनावों में राज्य की सभी विधानसभा सीटों को लेकर की है। बर्दवान साउथ विधानसभा सीट पर मौजूद टाउन हॉल के नवीनीकरण में भ्रष्टाचार, यूनिवर्सिटी के फंड का गबन, तालाबों को भरना, बालू की तस्करी, जबरन वसूली, भर्ती में भ्रष्टाचार के आरोप लगाये हैं। भातार विधानसभा सीट के मामले में किसानों के लिए दिए गए फंड का गबन, आदिवासी समुदायों पर तृणमूल का अत्याचार, जबरन वसूली, जबरदस्ती कब्जा के आरोप लगाये हैं। दुर्गापुर ईस्ट विधानसभा सीट के मामले में दुर्गापुर नगर निगम में चुनाव न होने, दुर्गापुर में दुष्कर्म की घटनाएं, बालू की तस्करी, नौकरी में भ्रष्टाचार, मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप लगाये हैं। मौके पर अग्निमित्रा पाल ने कहा कि चुनाव आयोग ने 7 ईआरओ को सस्पेंड कर दिया है, अगर वे किसी पार्टी के लिए जासूसी का काम करेंगे तो उन्हें सजा मिलेगी। मुख्यमंत्री कितना भी कहें, वे किसी को नहीं बचा सकतीं। इस मौके पर भाजपा के जिला अध्यक्ष अभिजीत ता सहित अन्य लोग मौजूद थे।
भाजपा जिलाध्यक्ष को धमकी देने का आरोप
कार्यक्रम के बाद भाजपा के जिला अध्यक्ष अभिजीत ता और दूसरे नेता जैसे कार्यालय से बाहर निकले तो तृणमूल समर्थक श्यामल रॉय उनकी तरफ दौड़े। श्यामल रॉय पर भाजपा के जिला अध्यक्ष अभिजीत ता और दूसरे नेताओं को धमकाने का आरोप है। इस धमकी की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है, जिससे शहर में सनसनी फैल हुई है ।