'अदृश्य शक्ति' थीम पर सजा भव्य दुर्गा पूजा पंडाल, GM दिनेश शर्मा ने किया उद्घाटन
संजय, सन्मार्ग संवाददाता अंडाल : सिदुली कोलियरी सार्वजनिक दुर्गापूजा अपने आयोजन के 49वें वर्ष में भव्य रूप से पदार्पण कर चुकी है। पंचमी तिथि की संध्या पूजा पंडाल का विधिवत उद्घाटन ईसीएल के केंदा क्षेत्र के महाप्रबंधक (GM) दिनेश शर्मा तथा सिदुली ग्रुप ऑफ माइंस के अभिकर्ता पंकज कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए GM दिनेश शर्मा ने क्षेत्रवासियों को शारदीय नवरात्र व दुर्गोत्सव की शुभकामनाएं दीं और आयोजकों के प्रयासों की सराहना की। इस वर्ष पूजा मंडप को ''अदृश्य शक्ति'' की अनूठी थीम पर सजाया गया है, जो श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पंडाल में स्थापित मां दुर्गा की नयनाभिराम प्रतिमा देखते ही बन रही है। स्थानीय कारीगरों की कला का उत्कृष्ट उदाहरण पूजा आयोजन कमेटी के सचिव उमेश कुमार व समिति के सदस्यों ने बताया कि इस वर्ष पूरे आयोजन का बजट लगभग 14 लाख रुपये निर्धारित किया गया है। पंडाल का भव्य निर्माण स्थानीय मुकुंदपुर के डेकोरेटर्स द्वारा किया गया है, जबकि मां भगवती की मनोहारी प्रतिमा का निर्माण दुर्गापुर के प्रसिद्ध मूर्तिकार ने किया है। समिति ने बताया कि विगत वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उद्घाटन के साथ ही मंडप में माता के दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया है।

