एसी बसों में आग से सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त

दुर्गापुर में चला विशेष जांच अभियान
बस में जांच अभियान चलाते ट्रैफिक पुलिस अधिकारी
बस में जांच अभियान चलाते ट्रैफिक पुलिस अधिकारी
Published on: 

इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता

दुर्गापुर : लंबी दूरी की एसी बसों में आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन अब अलर्ट मोड पर आ गया है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सोमवार दोपहर दुर्गापुर के सिटी सेंटर इलाके में दमकल विभाग, परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम ने कई एसी वॉल्वो बसों में अचानक जांच अभियान चलाया।

अधिकारियों ने बसों में अग्निशामक यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) है या नहीं, वह चालू हालत में है या नहीं, और आग बुझाने के अन्य उपकरण मौजूद हैं या नहीं, इसकी बारीकी से जांच की। साथ ही आपात स्थिति में बस स्टाफ कितना तैयार है, इसका भी जायजा लिया गया।

गौरतलब है कि चलती एसी बस में आग लगने पर धुएं और बंद दरवाजों के कारण यात्रियों के लिए बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो जाता है। अतीत में ऐसी कई घटनाओं में जान-माल का बड़ा नुकसान हो चुका है, इसलिए प्रशासन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता।

इस अभियान पर दुर्गापुर दमकल विभाग के अधिकारी मनोज कुमार दास ने कहा कि आग लगने पर क्या करना है, यात्रियों को कैसे निकालना है और कैसे तुरंत आग पर काबू पाना है, यह सब बस ऑपरेटरों को समझाया जा रहा है। उनसे फायर सेफ्टी इंतजामों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है। हमारा यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News