

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : शहर में बढ़ते टोटो विवाद और बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए आसनसोल दुर्गापुर पुलिस और जिला प्रशासन ने बड़ा ट्रैफिक बदलाव लागू किया है। प्रशासन द्वारा शहर के विभिन्न रूटों पर टोटो के परिचालन को नियंत्रित किया जा रहा है। इसी क्रम में शहर के व्यस्ततम इलाके जुबली मोड़ पर टोटो के परिचालन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। वहीं शहर में लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए हटन रोड को वन-वे घोषित किया गया है। डीसीपी ट्रैफिक अविनाश भीमराव ने कहा कि नया ट्रैफिक प्लान हटन रोड से इस्माइल मोड़, जिला अस्पताल, शनि मंदिर और आश्रम मोड़ होते हुए रेलवे स्टेशन तक लागू किया गया है। इस पूरे मार्ग की ट्रैफिक व्यवस्था को मॉडिफाई किया गया है। मौके पर तैनात ट्रैफिक अधिकारी ने बताया कि दुर्गा पूजा से पहले शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करना जरूरी है। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि वे प्रशासन के इस अभियान में सहयोग करें, कुछ दिनों तक धैर्य बनाए रखें और वन-वे नियम का पालन करते हुए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। इस मौके पर एसीपी ट्रैफिक आसनसोल विश्वजीत साहा, एसीपी सेंट्रल -1 अब्दुल गफ्फार सहित विभिन्न टीजी के ओसी मौजूद थे।
स्थानीय लोगों में नाराजगी
वहीं प्रशासन के इस अचानक फैसले से स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस इलाके में कई स्कूल हैं और अभी परीक्षाएं चल रही हैं। ऐसे में वन-वे और रूट डायवर्जन से स्कूली छात्रों और अभिभावकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। लोगों ने मांग की है कि इस तरह का बदलाव करने से पहले वैकल्पिक व्यवस्था की जानकारी पहले से दी जानी चाहिए थी।
कहां-कहां चल सकेंगे टोटो
हीरापुर ट्रैफिक गार्ड इलाका -बर्नपुर रेलवे स्टेशन से त्रिवेणी मोड़,गैलेक्सी मोड़, पोलो मैदान, घड़ी मोड़ और घड़ी मोड़ से गोराई रोड तक टोटो चल सकेंगे। आसनसोल साउथ ट्रैफिक गार्ड इलाका - हटन रोड से इस्माइल, डिस्ट्रिक्ट अस्पताल, मैदा कल मोड़, नुरुद्दीन रोड, शनि मंदिर, आश्रम मोड़, ऑफिसर्स क्लब, 13 नंबर रोड, रेलवे स्टेशन, जोगिया बाबा मोड़ से आसनसोल बस स्टैंड तक टोटो के परिचालन की अनुमति होगी। आसनसोल नॉर्थ ट्रैफिक गार्ड इलाका - रेलवे स्टेशन से लोको ग्राउंड, सफी मोड़ से स्टेशन रोड तक टोटो चलेंगे।
कहां रहेगा प्रतिबंध
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जीटी रोड और नेशनल हाईवे (NH) पर टोटो चलाना पूरी तरह निषिद्ध है। इसके अलावा साउथ पीपी इलाके में जुबली मोड़ से गैलेक्सी मोड़ तक टोटो का परिचालन बंद है और काली पहाड़ी से सताइसा मोड़ तक टोटो की नो-एंट्री रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने टोटो चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट पर ही टोटो चलाएं, नियम तोड़ने पर कार्रवाई की जाएगी।