नाबालिग से दुष्कर्म के अभियुक्त की सामूहिक पिटाई

पेड़ में बांधकर मारने की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल
वायरल वीडियो का फोटो
वायरल वीडियो का फोटो
Published on

दुर्गापुर : दुर्गापुर की रांची कॉलोनी में शुक्रवार को एक युवक की सामूहिक पिटाई के बाद जबरदस्त तनाव व्याप्त हो गया। उत्तेजित भीड़ ने अभियुक्त युवक को घेरकर लाठी-डंडों से पीटा, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। इस संदर्भ में स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना की जड़ एक नाबालिग के साथ हुआ जघन्य अपराध है। पीड़ित नाबालिग की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके गर्भवती होने की पुष्टि की है। यह खबर इलाके में फैलते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। शुक्रवार सुबह जैसे ही अभियुक्त युवक क्षेत्र में दिखा महिलाओं और स्थानीय पुरुषों की भीड़ ने उसे पकड़ लिया तथा सरेआम पीटना शुरू कर दिया। इस घटना ने समाज और प्रशासन के सामने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं स्थानीय लोगों का दबी जुबान में कहना है कि अभियुक्त के खिलाफ पहले भी महिलाओं से छेड़छाड़ की शिकायतें थीं, लेकिन उचित कार्रवाई न होने के कारण जन आक्रोश ने विस्फोटक रूप ले लिया। यहां सबसे बड़ा प्रश्न यह उठा कि सभ्य समाज में 'जनता की अदालत' लगाने की नौबत क्यों आ रही है ? क्या न्याय व्यवस्था पर भरोसे की कमी लोगों को कानून हाथ में लेने पर मजबूर कर रही है ? वहीं घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में लिया। मामले की गहन जांच शुरू की गई है। इस संदर्भ में पुलिस ने बताया कि कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी, लेकिन साथ ही उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून हाथ में न लेने की अपील की है। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। आरोप है कि अभियुक्त को एक पेड़ में बांधकर पीटा गया।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in