8,92,501 रुपये की ठगी का अभियुक्त रिमांड पर

गिरफ्तार होने वाले अभियुक्त का नाम सुनील कुमार महतो है
8,92,501 रुपये की ठगी का अभियुक्त रिमांड पर
Published on

आसनसोल : बीते वर्ष जुलाई के महीने में आसनसोल के मोहिशिला कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति से 8 लाख 92 हजार 501 रुपये की ठगी कर ली गई थी। उक्त मामले पर अपनी छानबीन की प्रक्रिया जारी रखते हुए आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की आसनसोल साइबर क्राइम थाना पुलिस ने एक और अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार होने वाले अभियुक्त का नाम सुनील कुमार महतो बताया गया है। वह धनबाद (झारखंड) के बलियापुर इलाके का रहने वाला है। उसे सोमवार को आसनसोल जिला अदालत के सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। मामले के जांच अधिकारी ने इस पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर उक्त कांड में शामिल कुछ अन्य अभियुक्तों की भी गिरफ्तारी समेत मामले पर अपनी विशेष छानबीन करने का हवाला देते हुए अभियुक्त को पुलिस रिमांड पर लेने की अपील अदालत से की। अदालत ने अभियुक्त की जमानत अर्जी रद्दकर उसे 8 दिनों की रिमांड पर पुलिस के साथ भेज दिया। बता दें कि अभी हाल ही में धनबाद (झारखंड) के विश्वजीत कुमार दां नामक एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल पुलिस ने उसे दोबारा रिमांड पर लिया है।

क्या था पूरा मामला ?

बताया जाता है कि 3 जुलाई वर्ष 2025 को शिकायतकर्ता ने गूगल क्रोम पर एसबीआई मोहिशिला शाखा के संपर्क नंबर खोजकर ग्राहक सेवा का एक नंबर पाया था। वहीं जब शिकायतकर्ता ने उस नंबर पर संपर्क किया, तो एक व्यक्ति ने उसे बताया कि वह उनके व्हाट्सएप नंबर पर एक गूगल फॉर्म भेज रहा है। हालांकि उसी दिन उन्हें उनके मोबाइल पर बैंक अधिकारी के नाम से एक व्हाट्सएप वीडियो कॉल आया, जिसमें एक APK फाइल भी भेजी गई। वहीं उस APK फाइल को इंस्टॉल भी कर लिया। उसने उनका खाता नंबर, पैन कार्ड नंबर तथा अन्य विवरण भी मांगे, जो शिकायतकर्ता ने उससे साझा कर दिया। हालांकि बाद में उन्हें पता चला कि उनकी सहमति के बिना उनके बैंक खाते से धोखाधड़ी कर 8 लाख 92 हजार 501 रुपये निकाल लिए गए थे। इसके बाद एहसास होने पर उन्होंने आगे के लेन-देन को रोकने लिए एनआरसीपी के तहत शिकायत दर्ज करायी। फिलहाल उक्त मामले को लेकर पुलिस की छानबीन लगातार जारी है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in