

मुर्शिदाबाद : मुर्शिदाबाद जिले के रेजीनगर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव की सरगर्मी दिन चढ़ने के साथ ही बढ़ती जा रही है। चुनाव में हिस्सा ले रही राजनीतिक पार्टियों के नेता और कार्यकर्ता अपने उम्मीदवारों के समर्थन में रेजीनगर में घूम रहे हैं। वे इलाके में घर-घर जाकर जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं और रैलियां तथा छोटी चुनावी सभा भी कर रहे हैं। रविवार को छुट्टी के दिन मदन मित्रा ने डेमोक्रेटिक तृणमूल उम्मीदवार के समर्थन में रेजीनगर के लोकनाथपुर में खुली छत वाली कार से रोड शो किया। उनके साथ रघुनाथगंज के विधायक अखुरुज्जमां, कांदी के पूर्व विधायक अपूर्व सरकार और मुर्शिदाबाद लोकसभा सांसद अबू ताहिर खान भी थे। मदन मित्रा ने कहा, अगर SIR में छूटे नामों को वोटर लिस्ट में फिर से जोड़ दिया जाए तो हमारी पार्टी का उम्मीदवार निश्चित रूप से जीतेंगे। BJP बिना लड़े ही हार जाएगी। इसके बाद उन्होंने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा, वे वैसी ही हैं जैसी तब थीं। उन्होंने यह भी कहा कि हमारी पार्टी किसी व्यक्ति के नाम पर नहीं चलती। जनता ही हमारी पार्टी की ताकत है। हम BJP के खिलाफ आखिरी लड़ाई लड़ेंगे। हम खून की आखिरी बूंद तक लड़ेंगे। हम कोई सेटिंग नहीं करेंगे। ममता बनर्जी सेटिंग करके BJP को राज्य में लाईं। हमारे साथियों को इसकी कीमत चुकानी पड़ रही है।